
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में इंदौर की हरप्रीत कौर की दर्दनाक मौत हो गई। वह लंदन अपने पति का जन्मदिन मनाने जा रही थीं। आखिरी वक्त में फ्लाइट बदली और हादसे का शिकार हो गईं।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में इंदौर की हरप्रीत की मौत, पति से मिलने लंदन जा रही थीं

इंदौर: अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण प्लेन क्रैश में इंदौर की हरप्रीत कौर होरा (उम्र 30) की जान चली गई। वह अपने पति रॉबी होरा से मिलने और उनका जन्मदिन मनाने लंदन जा रही थीं। अंतिम समय में उन्होंने 19 जून की टिकट बदलकर 16 जून की फ्लाइट ली, जो क्रैश हो गई।
हरप्रीत का मायका अहमदाबाद में है और वे इंदौर के राजमोहल्ला में ससुराल में रहती थीं। उनका सीट नंबर 22E था।

प्लेन क्रैश में अब तक 265 शव बरामद
इस एअर इंडिया बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 में कुल 230 यात्री सवार थे। टेकऑफ के 49वें सेकेंड में विमान बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिर गया। अब तक 265 शव बरामद हुए हैं, जिनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर्स हैं। 5 मृतक हॉस्टल के हैं।
लंदन से आने वाले पति का इंतज़ार नहीं कर सकी
हरप्रीत के परिवार वालों ने बताया कि वह अपने पति से मिलने जा रही थीं। उनका पहले से 19 जून का टिकट था, लेकिन पति का जन्मदिन 16 जून को होने के कारण उन्होंने आखिरी वक्त में फ्लाइट बदली।
रॉबी के चाचा राजेंद्र सिंह होरा ने बताया कि रॉबी शुक्रवार को लंदन से इंदौर लौटे और सीधे अहमदाबाद गए।
बेंगलुरु में करती थीं नौकरी
हरप्रीत एक आईटी कंपनी में कार्यरत थीं और बेंगलुरु में रहती थीं। उनके पति रॉबी लंदन की आईटी कंपनी में क्लाउड आर्किटेक्ट हैं। शादी 2020 में हुई थी, बच्चे नहीं थे। वह एक साल से ज्यादा समय लंदन में रही थीं, फिर इंडिया आकर बेंगलुरु में जॉब शुरू की थी।
केवल एक यात्री की जान बची
फ्लाइट में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात सवार थे। हादसे में सिर्फ एक यात्री की जान बची है। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं।
पीएम मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया और सिविल अस्पताल में घायलों से भी मुलाकात की।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




