
मेघालय में इंदौर कपल लापता: मेघालय में हनीमून पर गए इंदौर के नवविवाहित कपल को 11 दिन से नहीं खोजा जा सका है। परिजन सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मेघालय के चेरापूंजी इलाके में हनीमून पर गए इंदौर निवासी राजा और सोनम रघुवंशी 11 दिन से लापता हैं। दंपती के 23 मई को ओसरा हिल्स से गायब होने के बाद से उनकी तलाश के लिए ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की सहायता ली जा रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
जहां से दंपती लापता हुए, वह क्षेत्र खतरनाक पहाड़ियों और गहरी खाइयों से घिरा है। खोज अभियान में मौसम एक बड़ी बाधा बना हुआ है — यहां कभी बारिश, कभी कोहरा और कभी तेज हवाएं सर्च ऑपरेशन को प्रभावित कर रही हैं।
परिजन लगातार मौके पर मौजूद हैं। सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन बचाव टीमों के साथ मिलकर सहायता कर रहे हैं। विपिन ने बताया कि ड्रोन कई बार कोहरे की वजह से उड़ नहीं पाता, जिससे खोज प्रभावित हो रही है।
परिजनों का आरोप: सरकार को टूरिज्म की फिक्र, लोगों की नहीं
लापता दंपती के परिवारजनों ने मेघालय सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मेघालय के पर्यटन मंत्री पॉल लिंग्दोह के एक बयान पर परिजनों ने नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि, “पर्यटन मंत्री को सिर्फ टूरिज्म की चिंता है, जबकि हमारे बच्चे लापता हैं।”

राजा की मां बेटे को हर पल याद कर रही हैं, और पूरे परिवार की हालत बेहद चिंताजनक है। रिश्तेदारों का कहना है कि अगर जगह संवेदनशील थी तो वहाँ चेतावनी बोर्ड और फॉरेस्ट टीम होनी चाहिए थी।
सुरक्षा को लेकर बढ़ रही चिंता
विपिन रघुवंशी ने कहा कि हाल ही में उसी क्षेत्र में एक युवक की हत्या हुई थी, लेकिन उसे सार्वजनिक नहीं किया गया। बाहर से आए पर्यटक अब शाम 6 बजे के बाद होटल में बंद हो जाते हैं, और डर का माहौल फैल रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब स्थानीय प्रशासन की लापरवाही से हो रहा है।
केंद्र और राज्य सरकारों से लगाई गुहार
इंदौर सांसद शंकर लालवानी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस मामले में संज्ञान ले चुके हैं। गृहमंत्री शाह ने मेघालय के मुख्यमंत्री कोंराड संगमा से फोन पर बात की है और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
परिवार ने लापता दंपती के बारे में जानकारी देने वाले को ₹5 लाख का इनाम देने की घोषणा की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेघालय पुलिस ने स्थानीय जनजातीय लोगों से भी सहयोग मांगा है।
कहाँ लापता हुए थे राजा और सोनम?
राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। 20 मई को वे हनीमून के लिए रवाना हुए और 23 मई को शिलांग पहुंचे। अंतिम बार संपर्क 23 मई की शाम को हुआ था। उसके बाद से दोनों के मोबाइल बंद हैं।
चेरापूंजी या सोहरा, जहां से वे लापता हुए, भारत का सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र है। यहां की चूना-पत्थर की गुफाएं, गहरी खाइयाँ और जंगल इसे पर्यटकों के लिए रोमांचक बनाते हैं लेकिन अत्यधिक जोखिमपूर्ण भी।
सरकार से अपील
परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया है कि राजा और सोनम की सकुशल वापसी के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




