
शिलांग हनीमून मर्डर केस: मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या हुई। पत्नी सोनम अब भी लापता है। परिजनों ने CBI जांच की मांग की है।
इंदौर/शिलांग |
मेघालय के शिलांग में हनीमून पर गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की पुष्टि हो गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि राजा की मौत पेड़ काटने वाले धारदार हथियार से हमला कर की गई। इस सनसनीखेज मामले में राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी अभी तक लापता है, जिनकी तलाश के लिए NDRF की टीम भी अभियान चला रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
पूर्वी खासी हिल्स के एसपी विवेक सिम ने जानकारी दी कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह सामने आया है कि राजा की हत्या किसी धारदार औज़ार से की गई, जो आमतौर पर लकड़ियां काटने के लिए इस्तेमाल होता है। हत्या में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर लिया गया है और जल्द ही इस केस में बड़ा खुलासा किया जा सकता है।
11 दिन बाद खाई में मिला शव, सोनम लापता
राजा रघुवंशी का शव सोमवार को एक गहरी खाई में मिला, जो उस जगह से लगभग 20 किलोमीटर दूर है, जहां वह पत्नी सोनम के साथ आखिरी बार देखे गए थे। दंपति 23 मई को नोंग्रियाट गांव से एक्टिवा स्कूटी पर निकले थे। GPS ट्रैकर से पता चला कि स्कूटी कुछ देर मावक्मा गांव में रुकी थी, जो शव मिलने की जगह से काफी दूर है।
परिवार ने की CBI जांच की मांग

राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने मेघालय पुलिस पर लापरवाही और मामले को दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजा का पर्स, ब्रेसलेट, चेन, बैग, अंगूठी और पावर बैंक तक नहीं मिले हैं। उन्होंने इस मामले की CBI जांच की मांग की है और मुख्यमंत्री कोनराड संगमा से हस्तक्षेप की अपील की है।
अंतिम बार कब हुआ था संपर्क?
राजा और सोनम ने 20 मई को हनीमून के लिए इंदौर से गुवाहाटी होते हुए शिलांग की यात्रा शुरू की थी। आखिरी बार बातचीत 23 मई को दोपहर 1:43 पर हुई थी, जिसमें राजा ने बताया कि वे केले खा रहे हैं और जल्द लौटेंगे। इसके बाद से दोनों का कोई संपर्क नहीं हो पाया।
घने कोहरे और खतरनाक इलाके में हो रही तलाश

शिलांग का वह इलाका जहां कपल लापता हुआ, पहाड़ी और खतरनाक है। गहरी खाइयों और घने कोहरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाइयाँ आ रही हैं। सोनम की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
शादी के 3 दिन बाद रवाना हुए थे हनीमून पर
राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और 20 मई को दोनों हनीमून पर रवाना हुए। राजा इंदौर में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय करते थे। लापता होने के बाद परिवार के सदस्य शिलांग पहुंचे और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तलाशी अभियान में शामिल हुए।
क्या गाइड की भूमिका संदिग्ध है?
बताया जा रहा है कि कपल के साथ एक गाइड भी था, जो उन्हें सोहरा के डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज दिखाने ले गया था। वापसी के दौरान राजा ने कॉफी पीने की बात की थी, लेकिन फिर संपर्क टूट गया। पुलिस गाइड की भूमिका की भी जांच कर रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




