

इंदौर। कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को इंदौर की सड़कों पर महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बगैर अनुमति के प्रदर्शन करने और भीड़ जमा करने के मामले में पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
सोशल मीडिया पर गिरफ्तारी की खबर के बाद भड़का गुस्सा
अनवर कादरी की गिरफ्तारी की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर फैली, 24 से अधिक महिलाएं उनके समर्थन में बड़वाली चौकी के पास इकट्ठा हो गईं। इन महिलाओं के हाथों में पुलिस के खिलाफ तख्तियां थीं और वे गिरफ्तारी को झूठा बताते हुए नारेबाजी कर रही थीं।

पुलिस समझाइश देती रही, पर महिलाएं नहीं मानीं
सदर बाजार पुलिस के मुताबिक, हम्मू उर्फ हमीद और सलमा बी के नेतृत्व में यह भीड़ जुटी थी। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद महिलाएं नहीं मानीं और सड़क पर डटी रहीं। इसके कारण स्कूली वाहनों सहित कई राहगीरों को जाम में फंसना पड़ा।
बच्चों के वाहन भी फंसे, महिला प्रदर्शनकारी कर रहीं थीं धमकी
प्रदर्शन के दौरान स्कूली बच्चों से भरे वाहन भी जाम में फंस गए। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने रास्ता जाम कर दिया और किसी को निकलने नहीं दिया। वे लोगों को धमका भी रही थीं। पुलिस ने कई बार अनुरोध किया, लेकिन जाम काफी देर बाद ही खुल पाया।
क्राइम ब्रांच में भी हो चुका है विरोध
तीन दिन पहले अनवर कादरी की बेटी आयशा को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने पिता की ओर से वकालतनामा साइन करवाया था और एक सिम के जरिए बात कर रही थी। महिलाओं ने इस मामले में भी क्राइम ब्रांच में हंगामा किया था और आयशा को झूठा फंसाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सदर बाजार थाने के एसआई जयेंद्र दत्त शर्मा के मुताबिक, अफसरों के निर्देश पर हम्मू, सलमा बी और अन्य अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।
सामाजिक तनाव की आशंका, पुलिस सतर्क
प्रदर्शन के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। फिलहाल इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
नोट: प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कानून अपने हाथ में न लें और अफवाहों से दूर रहें।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




