

भोपाल: ड्रग्स तस्करी के हाई प्रोफाइल केस में गिरफ्तार यासीन अहमद उर्फ मछली ने जेल में चौंकाने वाला खुलासा किया है। अधिकारियों से बातचीत में उसने बताया कि वह पार्टियों में MD ड्रग्स का सेवन करता था, जिससे घंटों डांस करने के बावजूद थकान नहीं होती थी।
जेल में बदली जीवनशैली, फिर भी इनकार नहीं
जेल सूत्रों के अनुसार, यासीन अब जेल नियमों का पालन कर रहा है। सुबह व्यायाम करता है, समय पर भोजन करता है और किसी तरह की विशेष डिमांड नहीं कर रहा। हालांकि वह खुद को नशे का आदी नहीं मानता, लेकिन पार्टियों में ड्रग लेने की बात स्वीकार की है।
यासीन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उसके आसपास ऐसे कैदियों को रखा गया है जो जेल खुफिया सूचनाएं अधिकारियों तक पहुंचा सकें। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तारी के दो दिन बाद भी उससे मिलने कोई रिश्तेदार नहीं आया है।
चाचा शाहवर की सफाई: ‘मैं निर्दोष हूं’
यासीन के साथ गिरफ्तार उसके चाचा शाहवर को अलग बैरक में रखा गया है। शाहवर ने जेल में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे पॉलिटिकल रंजिश के चलते फंसाया गया है। उसने सारा दोष यासीन पर डालते हुए खुद का ड्रग तस्करी से कोई लेना-देना न होने की बात कही।
रेप की दूसरी FIR दर्ज
एमपी नगर थाने में यासीन के खिलाफ रेप की दूसरी FIR दर्ज की गई है। इससे पहले महिला थाने में पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है। पुलिस अब रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है।
जग्गा की गिरफ्तारी: गिरोह के विस्तार की पुष्टि
यासीन से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने शनिवार को उसके करीबी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा को भी गिरफ्तार किया है। इससे ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क का और विस्तार सामने आने की संभावना है।
आगे क्या?
पुलिस अब यासीन के रिमांड की अर्जी देने वाली है और ड्रग नेटवर्क के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




