

जबलपुर। शहर के श्रीकृष्णा परिसर की सातवीं मंजिल पर बुधवार दोपहर एक युवक ने डॉक्टर नीलम सिंह पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी युवक लेडीज कपड़े पहनकर चोरी की नीयत से अपार्टमेंट में घुसा और जैसे ही डॉक्टर नीलम सामने आईं, उसने उन पर हमला कर दिया। सर्जरी के दौरान डॉक्टर के शरीर पर 11 गंभीर घाव पाए गए।
पानी की कैन देने के बहाने बनाई डॉक्टर की दिनचर्या की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मुकुल कहार ने 15 दिनों तक डॉक्टर नीलम के घर रोज शाम पानी की कैन पहुंचाई थी। इसी दौरान उसने डॉक्टर के घर आने-जाने का समय समझ लिया। डॉक्टर के पति धीरेंद्र सिंह ने गूगल से संपर्क करके यह सेवा शुरू की थी।
घटना वाले दिन महिला के भेष में घुसा फ्लैट में
बुधवार दोपहर करीब 3 बजे मुकुल महिला के कपड़े और रेनकोट पहनकर तेज बारिश का फायदा उठाकर अपार्टमेंट में दाखिल हुआ। लिफ्ट से सीधा 7वीं मंजिल पर पहुंचकर दरवाजा खोलने की कोशिश की। तभी डॉक्टर नीलम ने गेट खोला और सामने आरोपी को देखकर चीख पड़ीं। आरोपी ने धक्का देकर डॉक्टर को अंदर घुसाया और चाकू से हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने पकड़ा आरोपी
शोर सुनकर आसपास के लोग फ्लैट के बाहर जमा हो गए। आरोपी ने दरवाजा खोलकर चाकू दिखाया, लेकिन लोगों ने उसे दबोच लिया। इस दौरान दो लोग घायल भी हुए। पुलिस को बुलाकर आरोपी को सौंप दिया गया।
गंभीर हालत में ICU में भर्ती, पुलिस ने डोनेट किया ब्लड
डॉक्टर नीलम को मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया गया है। सर्जरी सफल रही है और अब हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के जवानों ने 2 यूनिट ब्लड डोनेट कर मानवता की मिसाल पेश की।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस, आरोपी ने कुबूली साजिश

सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में कुबूला कि वह चोरी की नीयत से घुसा था, लेकिन डॉक्टर को देखकर डर गया और हमला कर दिया। अब उस पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा।
IMA और मेडिकल समुदाय का विरोध
IMA की अध्यक्ष डॉक्टर ऋचा शर्मा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। सभी डॉक्टरों ने इसे जानलेवा हमला करार दिया।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




