
रतलाम। जिले के नामली थाना क्षेत्र के भदवासा गांव में स्थित सरकारी स्कूल के समीप बुधवार रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, हालांकि उसकी जेब से मिले एक आईडी कार्ड पर ‘वीर बहादुर सिंह’ नाम अंकित होने की जानकारी सामने आई है।
एक से दो दिन पुराना बताया जा रहा शव
नामली थाना प्रभारी अमित कोरी के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि शव पूरी तरह अकड़ चुका था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मृत्यु एक से दो दिन पहले हुई होगी।
पहचान के लिए पुलिस कर रही प्रयास
पुलिस को मृतक की जेब से एक आईडी कार्ड मिला है, जिस पर केवल वीर बहादुर सिंह नाम लिखा हुआ है। युवक की शिनाख्त के लिए पुलिस ने उसके फोटो जिले के विभिन्न थानों सहित आसपास के क्षेत्रों में भेजे हैं। साथ ही भदवासा गांव और आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान स्थापित की जा सके।
नेपाली मूल का होने की आशंका
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि युवक नेपाली मूल का हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पहचान होने के बाद ही संभव हो सकेगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
थाने में दर्ज नहीं है कोई गुमशुदगी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नामली थाने में फिलहाल इस युवक से संबंधित कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं है। ऐसे में मृतक की पहचान करना जांच का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




