
प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, नीट-यूजी और सीबीएसई परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की इंदौर से भोपाल तक निकाली गई 200 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कई प्रेरणादायक कहानियों की गवाह बनी। इस यात्रा में जहां कई नेता बीच रास्ते से लौट गए, वहीं एक छात्रा और 62 वर्षीय बुजुर्ग ने पूरा सफर तय कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

दादा के हौसले से पोती ने पूरा किया 200 किमी सफर
इंदौर के क्षिप्रा से यात्रा में शामिल हुई छात्रा सेजल पटेल ने बताया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्र बेहद परेशान हैं। इसी वजह से उन्होंने विरोध जताने के लिए भोपाल तक साइकिल चलाने का निर्णय लिया।
सेजल ने कहा कि उन्होंने सातवीं कक्षा के बाद कभी साइकिल नहीं चलाई थी। यात्रा से पहले केवल दो-तीन दिन तक रोज 15-15 किलोमीटर अभ्यास किया और फिर लगातार 200 किलोमीटर का सफर पूरा किया।
उन्होंने बताया कि जब भी थकान महसूस होती, उनके दादाजी बाइक से साथ चलते और एक अन्य साथी उनका हौसला बढ़ाते रहे।
दादा बोले- बेटी जो चाहेगी, वही करेगी
सेजल के दादाजी ने कहा कि उनके समाज में बेटियों को अक्सर बाहर जाने की अनुमति नहीं मिलती, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी पोती का साथ दिया। उनका कहना था कि यदि सेजल राजनीति में आगे बढ़ना चाहती है तो उन्हें पूरी आजादी है, बस वह अपने अच्छे आचरण को बनाए रखे।
उन्होंने बताया कि सेजल जल्द ही कांग्रेस नेता अलका लांबा के कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली भी जाएगी।
62 साल की उम्र में भी दिखाई फिटनेस
इंदौर के राऊ क्षेत्र निवासी 62 वर्षीय जितेंद्र यादव ने भी इंदौर से भोपाल तक पूरा सफर साइकिल से तय किया। उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन लगभग 10 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं, इसलिए खुद को पूरी तरह फिट महसूस करते हैं।
जितेंद्र यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और परीक्षा संबंधी विवादों जैसे मुद्दों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वे इस यात्रा में शामिल हुए। उनका कहना था कि लोगों का उत्साह और समर्थन उन्हें लगातार ऊर्जा देता रहा।
कई कांग्रेस नेताओं ने भी पूरी की यात्रा
इस साइकिल यात्रा में पूर्व मंत्री और कसरावद विधायक सचिन यादव ने भी इंदौर से भोपाल तक पूरा सफर तय किया। उनके साथ टीवी धारावाहिक में हनुमान की भूमिका निभा चुके विक्रम मस्ताल शर्मा भी साइकिल यात्रा में शामिल रहे।
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने भी पूरी यात्रा में सहभागिता निभाई। वहीं युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार ने भी यात्रा के अधिकांश हिस्से में साइकिल चलाई।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा यात्रा के दौरान जीतू पटवारी के साथ रहे, हालांकि उन्होंने पूरा सफर कार से तय किया।
पेपर लीक के विरोध में निकाली गई थी यात्रा
कांग्रेस की इस साइकिल यात्रा का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना था। भोपाल पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में जीतू पटवारी ने दावा किया कि पिछले वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाएं विवादों में रही हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
Image ALT Text:
- जीतू पटवारी साइकिल यात्रा में 200 किमी चलाती सेजल पटेल
- दादा के साथ भोपाल पहुंची छात्रा सेजल पटेल
- 62 वर्षीय जितेंद्र यादव ने पूरी की साइकिल यात्रा
- इंदौर से भोपाल तक जीतू पटवारी साइकिल यात्रा
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




