
इंदौर के मरीमाता पानी की टंकी क्षेत्र स्थित एक वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में करीब 14 वर्षीय एक नाबालिग डंडे से बुजुर्ग महिला की पिटाई करता दिखाई दे रहा है। बीच-बचाव करने पहुंची अन्य महिलाओं के साथ भी उसने मारपीट की। घटना के बाद बाणगंगा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वीडियो में दिखी मारपीट की घटना
वायरल वीडियो में नाबालिग युवक एक बुजुर्ग महिला पर डंडे से हमला करता नजर आ रहा है। जब आश्रम में मौजूद अन्य महिलाएं उसे रोकने की कोशिश करती हैं तो वह उनके साथ भी हाथापाई करने लगता है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पांच महीने पहले मां के साथ आया था लड़का
एसीपी रुबीना मिजवानी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लड़का करीब पांच महीने पहले अपनी मां के साथ वृद्धाश्रम में रहने आया था। उसकी मां गंभीर रूप से झुलस गई थी और कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद से नाबालिग आश्रम में ही रह रहा था।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जानकारी मिली है कि नाबालिग की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। इसी वजह से फिलहाल उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कराने का निर्णय लिया है।
चाइल्ड लाइन संस्था को सौंपा जाएगा
पुलिस ने वृद्धाश्रम की संचालिका नीलम दुबे को निर्देश दिए हैं कि नाबालिग को बुजुर्गों से अलग रखा जाए। गुरुवार को उसे वृद्धाश्रम से हटाकर बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था (चाइल्ड लाइन/बाल संरक्षण संस्था) को सौंपा जाएगा, जहां उसकी काउंसलिंग और देखभाल की जाएगी।
संचालिका का पक्ष नहीं आया सामने
घटना के बाद पुलिस ने वृद्धाश्रम की संचालिका को पूछताछ के लिए थाने बुलाया और आवश्यक निर्देश देकर छोड़ दिया। हालांकि इस पूरे मामले पर उनका आधिकारिक बयान सामने नहीं आ सका है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




