
Ratlam Guru Purnima पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। बुधवार को शहर के प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने अपने गुरुजनों का पूजन, वंदन और आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया। विभिन्न स्थानों पर भजन-कीर्तन, पादुका पूजन और भंडारों का आयोजन किया गया।

सैलाना बस स्टैंड स्थित श्री अखंड ज्ञान आश्रम में स्वरूपानंद महाराज सहित अनेक संतों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने गुरु वंदना कर आशीर्वाद लिया और भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।
वहीं सागोद रोड स्थित श्री नित्यानंद धाम आश्रम को आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां दिनभर भजन-कीर्तन और गुरु पूजन के कार्यक्रम चलते रहे। संत नर्मदानंद बापजी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए लगभग 10 हजार श्रद्धालु पहुंचे। आश्रम परिसर में पूरे दिन भंडारे का आयोजन भी किया गया।

संत नर्मदानंद ने दिया धर्म रक्षा का संदेश
संत नर्मदानंद बापजी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुपूर्णिमा केवल गुरु वंदना का पर्व नहीं, बल्कि धर्म रक्षा का भी संदेश देती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का पहला कर्तव्य धर्म की रक्षा करना है और उसके बाद अपने कर्मों का पालन करना चाहिए। जब धर्म और कर्म दोनों साथ चलते हैं, तभी सनातन संस्कृति की विजय सुनिश्चित होती है।
उन्होंने महर्षि वेदव्यास का स्मरण करते हुए कहा कि वेदों की रचना मानवता के कल्याण और धर्म संरक्षण के लिए हुई है। समाज को चारों वेदों का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
रामबाग हनुमान मंदिर में समन्वय परिवार का आयोजन
गुरुपूर्णिमा के अवसर पर समन्वय परिवार द्वारा रामबाग हनुमान मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभु प्रेमी संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं चिंतक कैलाश व्यास ने मुख्य वक्ता के रूप में गुरु की महिमा का वर्णन किया।
उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि अज्ञान के अंधकार से आत्मप्रकाश की ओर ले जाने वाला दिव्य मार्गदर्शक होता है। गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और विश्वास के साथ कर्म, ज्ञान और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही जीवन सार्थक बनता है।
कार्यक्रम में समन्वय परिवार के अध्यक्ष अशोक आप्टे, शैलेन्द्र डागा, माधव काकानी, शिवराम शर्मा, हेमंत चोरमा, जितेंद्र वाघेला, कालूराम पाटीदार, वालजी भाई, श्याम बोरकर, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरु पादुका पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137



