रतलाम। गुरुवार दोपहर करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। तेज बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। हर साल की तरह इस बार भी दो बत्ती-फ्रीगंज चौराहा पूरी तरह जलमग्न हो गया, जहां कई दोपहिया वाहन चालक पानी में फिसलकर गिर पड़े। वहीं कृषि उपज मंडी में जलभराव के कारण किसानों के नीलामी के लिए रखे प्याज पानी में बहने लगे। कई कॉलोनियों में घरों तक बारिश का पानी पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दोपहर में अचानक बदला मौसम
सुबह हल्की बारिश के बाद मौसम सामान्य था, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे अचानक काले बादल छा गए। तेज गरज के साथ शुरू हुई बारिश करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर जारी रही। बारिश इतनी तेज थी कि वाहन चालकों को सामने तक दिखाई देना मुश्किल हो गया।

दो बत्ती-फ्रीगंज चौराहा फिर डूबा
रेलवे कॉलोनी और डॉट पुल की ओर से आया पानी दो बत्ती-फ्रीगंज चौराहे से होकर न्यू रोड तक बहता रहा। सड़क नदी जैसी दिखाई देने लगी। पानी के बीच से गुजरने की कोशिश में कई बाइक चालक फिसलकर गिर गए। आसपास मौजूद युवाओं ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। काफी देर तक नगर निगम का अमला मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में पानी कम होने पर पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली।
शहर की कई सड़कें जलमग्न
डीआरएम कार्यालय के सामने सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। सैलाना बस स्टैंड, सब्जी मंडी, सिटी फोरलेन, सैलाना ओवरब्रिज और अन्य निचले इलाकों में भी भारी जलभराव देखने को मिला। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
मंडी में बहने लगे किसानों के प्याज
तेज बारिश का असर कृषि उपज मंडी में भी देखने को मिला। मंडी परिसर के शेड में पानी भरने से नीलामी के लिए रखे किसानों के प्याज पूरी तरह भीग गए। कई जगह प्याज पानी के बहाव में बहने लगे। किसानों ने मंडी प्रबंधन पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया और नाराजगी जताई।
सिंधी कॉलोनी के घरों में घुसा पानी
बिरियाखेड़ी रोड स्थित सिंधी कॉलोनी में सड़क पर पानी भरने से कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क ऊंची बनने के बाद पिछले दो वर्षों से हर बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। रहवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप लगाया।
बारिश थमने के बाद भी बनी रही परेशानी
शाम करीब पांच बजे बारिश थम गई और मौसम साफ हो गया, लेकिन शहर के कई हिस्सों में देर शाम तक जलभराव बना रहा। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर बने गड्ढों और तेज बहाव के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहा। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर की जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




