
इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के बाद उनके दोनों बच्चों की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। मां की मौत से अनजान 7 वर्षीय बेटा अव्यक्त आज भी हर आने-जाने वाले में अपनी मां को तलाशता है। दूसरी ओर 15 वर्षीय बेटी प्रेक्षा ने अपने दर्द को छिपाकर छोटे भाई की जिम्मेदारी संभालने का संकल्प लिया है। दोनों फिलहाल अपनी मौसी के घर रह रहे हैं।

‘मुझे मम्मी के हाथ से ही खाना खाना है’
परिजनों के अनुसार, अव्यक्त अभी तक यह समझ नहीं पा रहा कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं हैं। जब उसे खाना दिया जाता है तो वह मासूमियत से कहता है, “मुझे मम्मी के हाथ से ही खाना खाना है।” उसकी यह बात सुनकर परिवार के सभी सदस्य भावुक हो जाते हैं।
मौसी के घर आने वाले रिश्तेदारों से भी वह बार-बार पूछता है, “सब लोग तो आ गए, मेरी मम्मी कहां हैं? वो कब आएंगी?” जवाब नहीं मिलने पर वह कुछ देर तक मां को ढूंढ़ता है और फिर चुपचाप एक कोने में बैठ जाता है।
बहन ने खुद को मजबूत बनाया
घटना का सबसे दर्दनाक मंजर देखने वाली 15 वर्षीय प्रेक्षा आज भी उस पल को भूल नहीं पा रही है, जब उसने घर का दरवाजा खोलकर अपनी मां को खून से लथपथ देखा था। इसके बावजूद उसने अपने छोटे भाई के लिए खुद को मजबूत बना लिया है।

परिजनों के मुताबिक, प्रेक्षा कहती है, “मैं अब नहीं रोऊंगी। अगर मैं टूट गई तो मेरे छोटे भाई को कौन संभालेगा?” उसकी यह बात पूरे परिवार को भावुक कर देती है।
अंतिम संस्कार में बेटे ने दी मुखाग्नि
परिवार के सदस्यों ने बताया कि ओंकारेश्वर में हुए अंतिम संस्कार के दौरान अव्यक्त को गोद में लेकर मां को मुखाग्नि दिलाई गई थी। हालांकि, वह अब भी इस सच्चाई से अनजान है कि उसकी मां हमेशा के लिए उसे छोड़कर जा चुकी हैं।
आरोपी पति अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
उर्मिला सैनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी पति अखिलेश सैनी अभी तक फरार है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद उसने अपना वाहन स्कूल के पास छोड़ा और ऑटो से रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां उसने दिल्ली का टिकट बुक कराया, लेकिन कुछ देर बाद उसे रद्द भी कर दिया।
पुलिस का मानना है कि आरोपी ने जांच को भटकाने के उद्देश्य से ऐसा किया। बाद में उसके खलघाट क्षेत्र में देखे जाने की सूचना भी मिली।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश जारी
पुलिस की कई टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




