
मध्य प्रदेश के रतलाम में एक कॉलेज छात्रा और मॉडल के साथ साइबर ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले मॉडलिंग में काम दिलाने का झांसा देकर युवती से संपर्क किया। इसके बाद AI तकनीक से तैयार अश्लील वीडियो भेजकर उसे डराया और फिर वीडियो कॉल के दौरान कथित रूप से उसका न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। आरोपी ने 15 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं मिलने पर अश्लील वीडियो युवती के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को भेज दिए।

इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप से मिला संपर्क
पुलिस के अनुसार पीड़िता पिछले दो वर्षों से मॉडलिंग कर रही है। उसकी प्रोफाइल इंस्टाग्राम पर मौजूद है और काम के सिलसिले में उसका मोबाइल नंबर कई व्हाट्सएप ग्रुप में साझा था। इसी माध्यम से आरोपी तक उसका नंबर पहुंचा।
23 जून की रात एक मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर “हाय” संदेश भेजा गया। बाद में फोन कर आरोपी ने खुद को मॉडलिंग और विज्ञापनों में काम दिलाने वाला बताया तथा युवती से उसकी प्रोफाइल मांगी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
AI से बनाया अश्लील वीडियो, फिर शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 3 जुलाई को आरोपी ने AI की मदद से तैयार किया गया अश्लील वीडियो भेजा। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपए की मांग की गई।
आरोपी ने केवल पैसों की मांग ही नहीं की बल्कि युवती पर उसकी बहन या किसी दोस्त से मिलवाने का दबाव भी बनाया। उसने कथित तौर पर हर महीने एक लड़की चंडीगढ़ भेजने की मांग की और युवती को भी चंडीगढ़ आने के लिए कहा।
वीडियो कॉल में रिकॉर्ड किया न्यूड वीडियो
शिकायत के अनुसार आरोपी ने वीडियो कॉल किया लेकिन अपना कैमरा बंद रखा। उसने युवती को धमकाते हुए कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया। डरी हुई युवती ने उसकी बात मान ली, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को भेजे अश्लील वीडियो
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया तो उसने बदला लेने के लिए उसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को अश्लील वीडियो भेजना शुरू कर दिया। साथ ही संदेश में लिखा कि वीडियो प्राप्त करने के लिए दिए गए नंबर पर संपर्क करें।
नंबर और इंस्टाग्राम बंद करने के बाद भी नहीं रुकी धमकियां
लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान होकर युवती ने अपना मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम अकाउंट बंद कर दिया। इसके बावजूद आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क करता रहा। आखिरकार युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
स्टेशन रोड थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से युवती से संपर्क किया गया था, उसके आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस साइबर एंगल सहित पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग, अश्लील सामग्री या धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें। किसी भी स्थिति में ब्लैकमेलर की मांगें पूरी न करें।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




