
बेटे की कैंसर से हुई थी मौत
उज्जैन के जेथल निवासी दिनेश बैरागी के छोटे बेटे कपिल बैरागी का विवाह वर्ष 2018 में विदिशा निवासी प्रियंका से हुआ था। विवाह के लगभग तीन वर्ष बाद कपिल को पैर में कैंसर होने का पता चला। करीब दो साल तक इलाज चलने के बावजूद 6 जून 2023 को उनकी मृत्यु हो गई। पति के निधन के बाद प्रियंका अपने ससुराल में ही रह रही थीं।
बहू के भविष्य को देखते हुए लिया बड़ा फैसला
कपिल की मृत्यु के बाद ससुर दिनेश बैरागी और सास कैलाश बाई ने बहू के भविष्य को सुरक्षित बनाने का निर्णय लिया। परिवार ने प्रियंका का रिश्ता विदिशा निवासी गोविंद से तय किया और भोपाल के एक रिसॉर्ट में पूरे रीति-रिवाज एवं सामाजिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराया।

ससुर ने निभाई पिता की जिम्मेदारी
विवाह समारोह का सबसे भावुक पल तब आया जब दिनेश बैरागी ने पिता की भूमिका निभाते हुए प्रियंका का कन्यादान किया। उन्होंने विवाह का पूरा खर्च भी स्वयं वहन किया। समारोह में दोनों परिवारों के रिश्तेदार, समाज के लोग और परिचित बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शादी पर 7 लाख रुपए खर्च
देवर दीपक बैरागी ने बताया कि परिवार ने पहले ही तय कर लिया था कि भाभी का जीवन दोबारा बसाया जाएगा। विवाह समारोह पर करीब 7 लाख रुपए खर्च किए गए। लगभग 400 मेहमानों के भोजन की व्यवस्था की गई और दहेज में गृहस्थी का आवश्यक सामान भी दिया गया।
“बहू बनाकर लाया था, बेटी बनाकर विदा करूंगा”
ससुर दिनेश बैरागी ने कहा कि उन्होंने अपनी बहू का भविष्य अंधकार में नहीं जाने देने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा, “बहू बनाकर लाया था, बेटी बनाकर विदा करूंगा,” और अपने इस वादे को निभाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रियंका के पिता रामबाबू ने भी भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उनकी बेटी को ससुराल में इतना सम्मान मिलेगा। उनके अनुसार समधी ने पिता बनकर जो जिम्मेदारी निभाई, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




