
बैंक की छुट्टियों के कारण ऑफिस में रखे गए थे 40 लाख रुपए
जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के शहर सराय निवासी कारोबारी मनीष पटवा ने 30 जून को पुलिस में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बैंक में लगातार छुट्टियां होने के कारण उनके मित्र एवं शराब व्यवसायी गौरव शर्मा ने 40 लाख रुपए सुरक्षित रखने के लिए उनके कार्यालय भिजवाए थे।

कर्मचारी ने सुनाई थी लूट की झूठी कहानी
कार्यालय में रुपए गिनने के दौरान कर्मचारी फरदीन खान ने दावा किया था कि एक युवक अचानक ऑफिस में घुसा, 40 लाख रुपए से भरा बैग उठाया और बाहर स्कूटी पर इंतजार कर रहे अपने साथी के साथ फरार हो गया। दोनों आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए ब्लिंकिट की ड्रेस पहन रखी थी।

पुलिस को शुरू से ही कर्मचारी पर था शक
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान कर्मचारी फरदीन खान के बयान में कई विरोधाभास सामने आए। कड़ी पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने कर्ज चुकाने के लिए अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर पूरी लूट की साजिश रची थी।
पहले ही बरामद हो चुकी थी पूरी रकम
पुलिस ने फरदीन खान (22) निवासी वेदव्यास कॉलोनी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर लूटी गई पूरी 40 लाख रुपए की नकदी बरामद कर ली गई थी। इसके बाद फरदीन को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बस स्टैंड से दबोचे गए दोनों फरार आरोपी
फरदीन का भाई फैज खान और उसका दोस्त असबाब घटना के बाद से फरार थे। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों महू-नीमच बस स्टैंड क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ब्लिंकिट की ड्रेस पहनकर दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी असबाब पहले ब्लिंकिट में काम कर चुका था। इसी कारण उसने वारदात के दौरान ब्लिंकिट की डिलीवरी ड्रेस पहनी, ताकि लोगों को उस पर संदेह न हो। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और ब्लिंकिट की ड्रेस भी जब्त कर ली है।
कोर्ट में किया गया पेश
सोमवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब मामले में अन्य तकनीकी और कानूनी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Tags
रतलाम समाचार, रतलाम 40 लाख लूटकांड, Ratlam Crime News, Ratlam Police, फरदीन खान, ब्लिंकिट ड्रेस, मध्य प्रदेश क्राइम न्यूज, Ratlam Loot Case
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




