
रतलाम मेडिकल कॉलेज से एक गंभीर रैगिंग की घटना सामने आई है, जिसने प्रदेशभर में शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात को सेकेंड ईयर के दो एमबीबीएस छात्र नशे की हालत में फर्स्ट ईयर के हॉस्टल में घुसे और एक छात्र के बाल जबरन काट दिए। यही नहीं, एक अन्य छात्र से शराब लाने को मजबूर किया गया। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई, और अब एंटी रैगिंग कमेटी इस मामले की जांच में जुट गई है।
सेकेंड ईयर के छात्र आयुष्मान और अमोलिक ने किया हमला
फर्स्ट ईयर के पीड़ित छात्र ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे सेकेंड ईयर के छात्र आयुष्मान पांडे और अमोलिक वर्मा नशे की हालत में उसके कमरे में घुसे। दोनों ने पहले शराब पी रखी थी और जैसे ही कमरे में आए, गाली-गलौज और धमकाना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में ट्रिमर निकालकर छात्र के सिर के बाल काट दिए और एक अन्य छात्र से शराब लाने को कहा गया।

छात्रों ने किया विरोध, आरोपी भागे पीछे की दीवार से
जब हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों को रैगिंग की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया। शोरगुल और हंगामे के बीच आरोपी छात्र पीछे की दीवार से कूदकर भाग निकले। भागने के दौरान वे अपनी बाइक वहीं छोड़ गए, जिससे उनकी पहचान हो सकी। कॉलेज डीन और वार्डन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली।
दोनों बाइक जब्त, कॉलेज प्रशासन सक्रिय
कॉलेज प्रशासन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, डीन डॉ. अनिता मूथा, हॉस्टल वार्डन डॉ. देवेंद्र चौहान और अन्य स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच में दो बाइक बरामद हुईं – एक PB 06 J9404 और दूसरी MP 09 QW 2103 नंबर की। दोनों को जब्त कर लिया गया है और पुलिस को सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपी छात्रों की बाइक जब्त की

एंटी रैगिंग कमेटी ने शुरू की जांच
कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी के अध्यक्ष नितिन किराड़िया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की गई है। फर्स्ट और सेकेंड ईयर दोनों के छात्रों की गुरुवार को प्रैक्टिकल परीक्षा थी, लेकिन उससे पहले ही बैठक बुलाई गई और आगे की कार्रवाई पर विचार हो रहा है।
वार्डन बोले: गार्ड लाइट चालू करने गया, तभी आरोपी घुसे
हॉस्टल वार्डन डॉ. देवेंद्र चौहान ने बताया, “घटना के वक्त गार्ड बाहर लाइट चालू करने गया था, तभी आरोपी छात्र अंदर घुसे और घटना को अंजाम दिया। हमारे पहुंचने तक वे भाग चुके थे। एक छात्र के बाल काट दिए गए और दूसरे से शराब मंगवाई गई।”
डीन की प्रतिक्रिया: तुरंत पहुंचा प्रशासन
डॉ. अनिता मूथा ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और स्टाफ मौके पर पहुंचा। “जब हम वहां पहुंचे तो छात्र बुरी हालत में थे। आरोपियों ने शराब पी रखी थी और उन्होंने छात्रों के साथ अभद्रता की। पुलिस को सूचना देकर तलाशी करवाई गई।”
मेडिकल कॉलेज की डीन और वार्डन ने की छानबीन
पुलिस कार्रवाई की प्रतीक्षा
औद्योगिक थाना क्षेत्र के सब-इंस्पेक्टर ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया, “हमें रात में रैगिंग की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला गया। अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन जैसे ही कॉलेज की ओर से शिकायत मिलेगी, हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।”
शिक्षा संस्थानों में अनुशासन आवश्यक
इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर प्रभाव पड़ता है। यह ज़रूरी है कि कॉलेज प्रशासन और राज्य सरकार इस पर कठोर कदम उठाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




