
इंदौर में हुए गैस पाइपलाइन हादसे में गंभीर रूप से झुलसी कंटेंट क्रिएटर गिरी राजकुमारी उर्फ जिनी झाला को शुक्रवार को हाई कोर्ट के निर्देश के बाद एयर एम्बुलेंस से अहमदाबाद भेजा गया। अब उनका इलाज जाइडस अस्पताल में होगा, जहां डॉक्टरों ने उनके पूरी तरह स्वस्थ होने में करीब तीन से चार महीने का समय लगने की संभावना जताई है।
आईसीयू से बाहर लाए जाने के दौरान जिनी दर्द से कराहती नजर आईं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी मौजूदा स्थिति के लिए केवल ठेकेदार ही नहीं, बल्कि संबंधित पार्षद और जिम्मेदार अधिकारी भी उत्तरदायी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक उनके खिलाफ एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई।
परिजनों ने भी जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की
जिनी के माता-पिता ने भी घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं उनके मंगेतर रजत प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर बोरिंग की जा रही थी, वहां स्थानीय पार्षद की भूमिका रही है। उनका कहना है कि वाटर हार्वेस्टिंग के नाम पर बोरिंग कराई जा रही थी, जबकि प्रशासन ने पहले से ही बोरिंग पर प्रतिबंध लगाया हुआ था।
प्रतिबंध के बावजूद कैसे हुई बोरिंग?
रजत प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा 30 जुलाई तक बोरिंग पर रोक के बावजूद बिना अनुमति काम कराया जा रहा था। उनका कहना है कि पुलिस ने केवल ठेकेदार और वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर औपचारिक कार्रवाई की, जबकि वास्तविक जिम्मेदारों पर कोई कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद न तो कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही कोई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार का हाल जानने आया।
तीन और सर्जरी बाकी
परिजनों के अनुसार जिनी के दोनों हाथों की त्वचा गंभीर रूप से जल चुकी है। त्वचा की दो परतें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, जबकि तीसरी परत भी प्रभावित हुई है। उनकी एक सर्जरी हो चुकी है और अभी तीन सर्जरी और होना बाकी हैं।
अन्य घायलों की हालत स्थिर
इस हादसे में घायल गोपाल मालाकार और सुभाष ठाकुर का इलाज इंदौर में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति पहले से बेहतर है और वे खतरे से बाहर हैं।
नगर निगम की तीन सदस्यीय जांच समिति सक्रिय
घटना की जांच के लिए नगर निगम ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में अपर आयुक्त आशीष पाठक तथा कार्यपालन यंत्री आसित खरे और पी.एस. कुशवाह शामिल हैं। समिति को दो दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
Tags: इंदौर गैस पाइपलाइन हादसा, जिनी झाला, गैस लीकेज, अहमदाबाद एयरलिफ्ट, हाई कोर्ट, जाइडस हॉस्पिटल, इंदौर न्यूज, गैस पाइपलाइन ब्लास्ट, नगर निगम जांच, मध्य प्रदेश समाचार
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




