
डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम में मेडिकल एजुकेशन यूनिट (MEU) के तत्वावधान में 13 एवं 14 जुलाई 2026 को प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के स्नातकोत्तर (PG) रेजिडेंट्स के लिए दो दिवसीय बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एवं एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट (ACLS) कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवा चिकित्सकों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी उपचार के लिए प्रशिक्षित करना था।

अधिष्ठाता डॉ. अनीता मुथा ने किया शुभारंभ
कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. अनीता मुथा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर मेडिकल एजुकेशन यूनिट के समन्वयक एवं फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संजीब दास, एनेस्थीसियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र दावर, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र चौहान तथा शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मांगीलाल बरमन उपस्थित रहे।
CPR, BLS और ACLS की नवीनतम तकनीकों का प्रशिक्षण
कार्यशाला के दौरान एनेस्थीसियोलॉजी, मेडिसिन एवं शिशु रोग विभाग के अनुभवी विशेषज्ञों ने प्रतिभागी रेजिडेंट चिकित्सकों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR), बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट (ACLS) की नवीनतम मानक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
आधुनिक प्रशिक्षण मॉडल एवं सिमुलेशन तकनीकों के माध्यम से चिकित्सकों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उन्हें वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और जीवनरक्षक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।
आपातकालीन चिकित्सा कौशल को मजबूत बनाने पर जोर
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्नातकोत्तर चिकित्सकों के Resuscitation Skills को सुदृढ़ करना, हृदयाघात सहित अन्य जीवन-घातक आपात स्थितियों के वैज्ञानिक एवं समयबद्ध प्रबंधन में उनकी दक्षता बढ़ाना तथा मरीजों को बेहतर गुणवत्ता वाली आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।
प्रतिभागियों ने बताया उपयोगी प्रशिक्षण
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी चिकित्सकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया। उनका कहना था कि इस कार्यशाला से उनकी नैदानिक दक्षता, आपातकालीन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल-आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




