
इंदौर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का खुलासा हुआ है, जहां महिला क्रिकेट मैच की आड़ में 1x ऐप से सट्टा चल रहा था। दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड से लड़कियां किराए पर बुलाकर शिफ्टों में मैच करवाए जाते थे।
इंदौर के राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिला क्रिकेट की आड़ में संचालित हो रहे एक बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। यह रैकेट बिजलपुर के पास स्थित ट्रेजर टाउन कॉलोनी के क्रिकेट टर्फ पर चलाया जा रहा था, जहां पुलिस ने दिल्ली निवासी अनुराग दलाल सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

किराए पर बुलाई जाती थीं लड़कियां
जांच में सामने आया है कि इस रैकेट के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से लड़कियों को किराए पर बुलाया जाता था। ये लड़कियां दिनभर की शिफ्ट में क्रिकेट खेलती थीं, लेकिन अधिकांश लड़कियां पेशेवर खिलाड़ी नहीं थीं। पुलिस को संदेह है कि यह केवल सट्टा ही नहीं बल्कि इसमें देह व्यापार से जुड़े तत्व भी हो सकते हैं। कुछ लड़कियों के मोबाइल में संदिग्ध कॉन्टेक्ट मिलने के बाद यह शक और गहरा गया है।
8-8 घंटे की शिफ्ट में होते थे क्रिकेट मैच
सूत्रों के अनुसार, इस क्रिकेट टर्फ पर 24 घंटे में तीन शिफ्ट में महिला क्रिकेट मैच आयोजित किए जाते थे। हर शिफ्ट 8 घंटे की होती थी और ‘खुशी’ नाम की एक महिला, जो पहले खुद भी इस गिरोह का हिस्सा रह चुकी है, इन लड़कियों की व्यवस्था करती थी।
यूट्यूब और टेलीग्राम पर होता था लाइव प्रसारण
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मैच का लाइव प्रसारण यूट्यूब और टेलीग्राम के जरिए किया जाता था। मैचों की स्क्रिप्ट पहले से तय रहती थी—कौन खिलाड़ी कितने रन बनाएगा, कौन कब आउट होगा, कौन सी टीम हारेगी या जीतेगी—सब कुछ पहले से फिक्स रहता था। यह सट्टा दिल्ली से ‘1x’ नामक मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑपरेट किया जा रहा था।
होटल में रुकती थीं लड़कियां, सट्टे का नेटवर्क था बड़ा
लड़कियों को इंदौर के आसपास के होटलों में ठहराया जाता था। गोरखपुर निवासी आदर्श नामक युवक भी इस गिरोह में शामिल था, जो मैच की स्क्रिप्टिंग और संचालन में मदद करता था।
यह रैकेट सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके इंटरस्टेट लिंक दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड और राजस्थान तक फैले हुए हैं।
सिर्फ जुआ एक्ट की धारा में कार्रवाई, लेकिन बड़ा खुलासा संभव
हालांकि इस पूरे गिरोह के खुलासे के बावजूद पुलिस ने अब तक सिर्फ जुआ एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की है और आरोपियों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सूत्रों की मानें तो यह मामला हाई-प्रोफाइल हो सकता है और आने वाले दिनों में एक बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




