
भोपाल। राजधानी भोपाल के रायसेन रोड स्थित एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के सामने रविवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब नगर निगम के एक कचरा परिवहन वाहन में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के केबिन के नीचे शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते वाहन के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों और निगम कर्मचारियों ने पानी की बोतलों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई।
कचरा खंती से लौट रहा था वाहन
जानकारी के मुताबिक कंटेनरनुमा ट्रक आदमपुर स्थित कचरा खंती से वापस लौट रहा था। जब वाहन रायसेन रोड पर एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने पहुंचा, तभी चालक को केबिन की तरफ से धुआं उठता दिखाई दिया।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोका और नीचे उतरकर जांच की। इस दौरान पता चला कि केबिन के निचले हिस्से में आग लग चुकी है।
राहगीर भी आग बुझाने में जुटे
आग की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे आए। एक वाहन में रखी बड़ी पानी की बोतलों का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। निगम कर्मचारियों और राहगीरों ने मिलकर काफी देर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग ने ट्रक के अगले टायरों और केबिन के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल पहुंचने में हुई देरी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंचा। करीब आधे घंटे तक लोग स्वयं ही आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास करते रहे।
इस दौरान सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ और कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ा।
वाहन के दस्तावेजों पर उठे सवाल
घटना के बाद जब संबंधित वाहन के दस्तावेजों की जानकारी जुटाई गई तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। उपलब्ध ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार ट्रक का फिटनेस प्रमाणपत्र वर्ष 2021 के बाद से नवीनीकृत नहीं कराया गया था।
इसके अलावा वाहन का बीमा वर्ष 2019 से समाप्त बताया जा रहा है। वहीं वाहन का परमिट भी वैध नहीं पाया गया। ऐसे में नगर निगम के वाहन संचालन और दस्तावेजों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जांच की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि वाहन में आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही यह भी जांच हो कि बिना वैध फिटनेस, बीमा और परमिट के वाहन सड़क पर कैसे संचालित किया जा रहा था।
विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर वाहन की तकनीकी जांच और रखरखाव नहीं होने से इस प्रकार की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि आग लगने की घटना के दौरान चालक और अन्य कर्मचारी समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




