
शहर में जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, इसी आरोपी की कथित पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मारपीट के मामले में भी अलग से एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया गया था, जिसमें रामभद्राचार्य महाराज के “हिंदू राष्ट्र” संबंधी बयान के साथ एक युवक ने अपना वीडियो जोड़कर उनके प्रति अपमानजनक टिप्पणी और गाली-गलौज की। वीडियो वायरल होने के बाद शहर के ओसवाल नगर निवासी रोहित पंवार ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद आरोपी की पहचान
पुलिस जांच में वीडियो बनाने वाले की पहचान मरकट मस्जिद क्षेत्र निवासी ऑटो चालक इब्राहीम शेरानी के रूप में हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और वैमनस्य फैलाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता रोहित पंवार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, जिसके चलते उन्होंने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों ने जताई नाराजगी
रामभद्राचार्य महाराज पर की गई टिप्पणी को लेकर शहर के विभिन्न हिंदू संगठनों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी की मारपीट का वीडियो भी वायरल
इस बीच सोशल मीडिया पर एक दूसरा वीडियो भी सामने आया, जिसमें कुछ लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर एक ऑटो चालक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पुष्टि की कि मारपीट का शिकार वही व्यक्ति है, जिसने सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी की थी।
घायल इब्राहीम के पिता जावेद पठान की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने भवानी उर्फ सोमू और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।
पुलिस का बयान
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि धर्मगुरु के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, मारपीट के वायरल वीडियो की जांच के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




