

रतलाम। सहज योग परिवार द्वारा रतलाम में राष्ट्रीय श्री आदि गुरु पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म में गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। मान्यता है कि गुरु के मार्गदर्शन के बिना सच्चे ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं होती। गुरु ही मनुष्य को धर्म का मार्ग दिखाकर उसके व्यक्तित्व का निर्माण करता है और आंतरिक चेतना का विकास करता है।
प्राचीनकाल की आश्रम व्यवस्था का उद्देश्य भी यही था कि गुरु अपने शिष्य को उचित शिक्षा देकर उसे समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी बनाए। गुरु नानक देव जी ने भी कहा है कि सच्चा गुरु वही है, जो साधक का मिलन परमात्मा से कराए। आत्मसाक्षात्कारी गुरु ही अपनी दिव्यता और आत्मस्वरूप का पूर्ण ज्ञान रखता है।
सहज योग परिवार के अनुसार मानव कल्याण के लिए प्रत्येक युग में ईश्वर ने सद्गुरुओं का अवतरण कराया है। आदि गुरु के रूप में भगवान दत्तात्रेय को माना जाता है, जिन्हें ब्रह्मा, विष्णु और महेश का संयुक्त स्वरूप माना जाता है। सहज योग की संस्थापिका परम पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी ने वर्ष 1970 में गुजरात के नारगोल में सहस्रार का उद्घाटन कर आत्मसाक्षात्कार का कार्य प्रारंभ किया था। वर्तमान में विश्व के 150 से अधिक देशों में सहज योग के साधक आध्यात्मिक मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र सेवा में योगदान दे रहे हैं।
श्री माताजी निर्मला देवी का संदेश है कि जब सभी मनुष्यों में एक ही आत्मा का वास है, तब सभी एक समान हैं। उन्होंने गुरु सिद्धांत को आत्मिक विकास और आत्मसाक्षात्कार की आधारशिला बताते हुए कहा कि सच्चा गुरु साधक को उसकी दिव्यता का बोध कराता है तथा दिव्य ऊर्जा के माध्यम से कुंडलिनी जागरण और सूक्ष्म प्रणाली का मार्गदर्शन करता है।
विधायक सभागृह में तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ
24 जुलाई को विधायक सभागृह, रतलाम में देश के विभिन्न स्थानों से आए सहज योगियों की उपस्थिति में तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन कप्तान सोहनलाल भल्ला, वाइस चेयरमैन सुश्री सोनाली भट्टाचार्य, रमेश गुप्ता, ज्ञानी जी, चंद्र चौधरी, विरमानी जी, जयकरण चौधरी, अमित गोयल, महेंद्र व्यास, प्रदीप रास्सै, वासुदेव शुक्ला एवं श्रीमती सुब्राआचार्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने परम पूज्य आदिशक्ति माताजी के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
दूसरे दिन अतिथियों ने दिया ध्यान योग अपनाने का संदेश
महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में महापौर प्रहलाद पटेल उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीष शर्मा, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहरलाल पोरवाल, पार्षद निशा पवन सोमानी एवं धीरज व्यास शामिल हुए। सहज योग परिवार ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा आदिशक्ति माताजी के श्रीचरणों में पुष्प अर्पित करवाए।
कार्यक्रम के दौरान भजन प्रस्तुति एवं जैविक कृषि पर आधारित नाटिका का मंचन भी किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन के लिए ध्यान योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कविता वर्मा एवं श्रीमती भावना धनौरकर ने किया। सुप्रसिद्ध भजन गायक श्याम जैन एवं धुमाल द्वारा प्रस्तुत भजनों का उपस्थित सहज योगियों ने भावपूर्वक आनंद लिया।
आज होगी श्री आदि गुरु पूजा
महोत्सव के तृतीय एवं अंतिम दिवस 26 जुलाई को सुबह 10 बजे विधायक सभागृह, रतलाम में परम पूज्य आदिशक्ति माताजी की श्री आदि गुरु स्वरूप में विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम की जानकारी प्रदीप रास्सै, राजेश जायसवाल एवं संजय मजाकिया ने दी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




