
रतलाम में कूरियर कंपनी की जिला स्तरीय फ्रैंचाइजी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 1 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इंटरनेट पर कंपनी का विज्ञापन देखकर संपर्क किया था। कंपनी ने ऑनलाइन एग्रीमेंट करवाने के बाद बैंक खाते में चार किस्तों में 1 लाख रुपए जमा करा लिए। इतना ही नहीं, कूरियर ऑफिस शुरू करने के लिए जरूरी सामान भी खरीदवा लिया, लेकिन कई महीनों तक न तो कोई ऑफिस शुरू हुआ और न ही कंपनी की ओर से कोई सहायता मिली। अब पुलिस ने साइबर फ्रॉड का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑनलाइन विज्ञापन देखकर किया संपर्क
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस के अनुसार सखवाल नगर निवासी 27 वर्षीय भारत राठौड़ ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त 2025 को इंटरनेट पर AIRE PINCODEDAK LOGISTICS PRIVATE LIMITED नाम से संचालित एक कंपनी का विज्ञापन देखा था। कंपनी द्वारा जिला स्तर पर कूरियर फ्रैंचाइजी देने का दावा किया गया था।
विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद कंपनी प्रतिनिधि ने फ्रैंचाइजी देने के लिए सुरक्षा राशि जमा कराने की बात कही।
चार किस्तों में जमा कराए 1 लाख रुपए
कंपनी ने येस बैंक का एक बैंक खाता उपलब्ध कराया, जिसमें भारत राठौड़ ने अपने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, रेलवे कॉलोनी शाखा स्थित खाते से चार अलग-अलग किश्तों में 50 हजार, 40 हजार, 7,500 और 2,500 रुपए जमा कराए। इस तरह कुल 1 लाख रुपए कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए गए।
राशि जमा होने के बाद कंपनी ने ऑनलाइन एग्रीमेंट भेजा, जिस पर हस्ताक्षर कर वापस ईमेल करने को कहा गया। एग्रीमेंट मिलने के बाद कंपनी ने लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी उपलब्ध करा दिए।
ऑफिस के लिए सामान भी खरीदवाया
कंपनी ने जिला स्तरीय वेयरहाउस और कूरियर ऑफिस शुरू करने के लिए आवश्यक फर्नीचर और अन्य सामग्री खरीदने के निर्देश दिए। पीड़ित ने कंपनी के निर्देशों के अनुसार कार्यालय संचालन से जुड़ा सामान भी खरीद लिया।
हालांकि, इसके बाद कई महीनों तक कंपनी की ओर से कोई पार्सल नहीं भेजा गया और न ही कार्यालय संचालन के लिए वादा की गई आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
चार महीने बाद हुआ ठगी का एहसास
लगातार इंतजार के बाद जब पीड़ित ने कंपनी से संपर्क किया तो ईमेल के माध्यम से बताया गया कि कंपनी बंद हो चुकी है। इसके बाद पीड़ित ने जमा की गई राशि और सामान का खर्च वापस मांगा, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
यह पूरा घटनाक्रम 21 अगस्त 2025 से 28 जून 2026 के बीच का बताया गया है।
1930 हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने 26 जून 2026 को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत भोपाल साइबर सेल पहुंची, जहां से मामला रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना भेजा गया।
जांच के बाद पुलिस ने 15 जुलाई को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और 319(4) के तहत साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस कर रही जांच
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर, बैंक खाते और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
ऑनलाइन फ्रैंचाइजी लेते समय रखें ये सावधानियां
- किसी भी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और रजिस्ट्रेशन की जांच करें।
- बिना सत्यापन के किसी खाते में पैसे जमा न करें।
- कंपनी का कार्यालय और GST जैसी जानकारी जरूर जांचें।
- केवल ऑनलाइन एग्रीमेंट के भरोसे निवेश करने से बचें।
- धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




