
प्रेस विज्ञप्ति
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम को 200 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति
रतलाम, 13 जुलाई।
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (National Medical Commission – NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से महाविद्यालय में एमबीबीएस प्रवेश क्षमता 180 से बढ़ाकर 200 सीटें करने की अनुमति (Letter of Permission) प्रदान कर दी है। यह अनुमति महाविद्यालय द्वारा प्रस्तुत आवेदन, निरीक्षण प्रतिवेदन एवं अन्य अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत प्रदान की गई है।

इस स्वीकृति के साथ अब आगामी शैक्षणिक सत्र से 20 अतिरिक्त विद्यार्थी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। इससे प्रदेश विशेषकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे तथा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अधिक चिकित्सकों का निर्माण संभव हो सकेगा।
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने अनुमति के साथ महाविद्यालय को कुछ अवसंरचनात्मक एवं शैक्षणिक बिंदुओं पर निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार एवं अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। आयोग ने कहा है कि महाविद्यालय को 90 दिनों के भीतर इन बिंदुओं पर कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा तथा आवश्यक होने पर पुनः निरीक्षण भी किया जा सकता है।
महाविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करेगा तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
यह स्वीकृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और इससे महाविद्यालय की शैक्षणिक क्षमता, अनुसंधान गतिविधियों तथा क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी।
इस उपलब्धि पर संस्था की डीन डॉ अनिता मूथा ने सभी फेकल्टी एवं स्टाफ को बधाईयां दी है तथा एनएमसी के नोडल अधिकारी डॉ एस के लिखार, अस्पताल अधीक्षक डॉ प्रदीप मिश्रा, डॉ पियूषा महाशब्दे को भी उनके कार्यों हेतु बधाई दी है/
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




