
रात 2:30 बजे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी और पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
DNA जांच से होगी मृतकों की पहचान
भीषण आग के कारण कई शव बुरी तरह झुलस गए हैं। पुलिस ने बताया कि जिन शवों की पहचान संभव नहीं हो पा रही है, उनकी शिनाख्त के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। प्रशासन मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटा है।
21 घायल, कई की हालत गंभीर
हादसे में घायल 21 यात्रियों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रेलर चालक और उसका सहायक भी हादसे में घायल हुए हैं।
बचाव कार्य में देरी के आरोप
कुछ यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर कई यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। वहीं कुछ यात्रियों ने दावा किया कि बस का इमरजेंसी गेट समय पर नहीं खुला, जिससे कई लोग बाहर नहीं निकल सके। इन दावों की जांच की जा रही है।
बस में सिगरेट के कार्टन होने का दावा
घटनास्थल पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि बस के सामान रखने वाले हिस्से में सिगरेट के कार्टन रखे थे, जिससे आग अधिक तेजी से फैली। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
इंदौर की छात्रा की मौत, महिला लापता
मृतकों में इंदौर की 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा भूमि भोर भी शामिल हैं, जो दोस्तों के साथ उत्तराखंड घूमने गई थीं। वहीं इंदौर निवासी निर्मला गुप्ता हादसे के बाद से लापता हैं। उनके पति को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन निर्मला का अब तक पता नहीं चल पाया है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक आशंका चालक को झपकी आने की है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का उपचार, मृतकों की पहचान और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराना है.
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




