
उज्जैन। शहर के फ्रीगंज स्थित दवा बाजार में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवती पर एक युवक ने सरेआम चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने पहले युवती का रास्ता रोककर उससे कुछ देर बातचीत की और फिर अचानक चाकू निकालकर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले सरकारी अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

काम पर जाते समय हुआ हमला
घायल युवती की पहचान पूजा रजक (19) निवासी बापू नगर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब आठ महीने से फ्रीगंज स्थित एक दवा कंपनी में कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। शुक्रवार दोपहर वह रोज की तरह ड्यूटी पर जा रही थी। इसी दौरान दवा बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक युवक ने उसे रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर युवती पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। उसने पेट, गर्दन और हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों पर पांच से अधिक वार किए।
घटना से बाजार में मची अफरा-तफरी
हमले के बाद दवा बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर युवती की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। लोगों ने तत्काल घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वीडियो भी आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवती को रोककर बातचीत करता दिखाई देता है। कुछ ही क्षण बाद वह अचानक चाकू निकालकर हमला कर देता है। वारदात के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने जताई इस युवक पर आशंका
घायल पूजा की मां आरती रजक ने बताया कि परिवार हमलावर को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता। हालांकि उनका कहना है कि सुनील नाम का एक युवक पिछले चार-पांच दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। दो दिन पहले भी उसे समझाने का प्रयास किया गया था। परिवार को आशंका है कि हमला उसी युवक ने किया है।
फार्मा कंपनी संचालक ने क्या बताया
जिस दवा कंपनी में पूजा कार्यरत है, उसके संचालक धर्मवीर मोट्यानी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
फिलहाल स्थिति
युवती का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




