
मैराथन का शुभारंभ पोलो ग्राउंड से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली पोलो ग्राउंड से शुरू होकर छत्री पुल, आरोग्यम हॉस्पिटल, लोकेंद्र टॉकीज चौराहा, दो बत्ती चौराहा और महाराजा सज्जन सिंह चौराहे से होते हुए पुनः पोलो ग्राउंड पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया और ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

तीन वर्गों में हुई मैराथन प्रतियोगिता
मैराथन का आयोजन महिला, पुरुष और सीनियर वर्ग में किया गया। महिला वर्ग में कॉन्स्टेबल आरती चौधरी प्रथम, स्वाति शर्मा द्वितीय और निकिता वीरवाल तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में कॉन्स्टेबल हीरालाल नर्गिस ने पहला, आरक्षक सूर्यपाल सिंह चंद्रावत ने दूसरा तथा आरक्षक सुनील गरवड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में दयाकिशन यादव प्रथम, सब इंस्पेक्टर प्रेमसिंह हटीला द्वितीय और एएसपी राकेश पंद्रो तृतीय रहे।
विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
मैराथन के समापन पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से सुरक्षित समाज बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए अधिकारी और नागरिक
कार्यक्रम में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, डीएसपी अनिशा जैन, आरआई मोहन भर्रावत, थाना प्रभारी गायत्री सोनी, जितेंद्र सिंह जादौन, सब इंस्पेक्टर जीवन बारिया, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित साइबर सेल, पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी मैराथन में भाग लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस की महत्वपूर्ण सलाह
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। डिजिटल अरेस्ट, निवेश फ्रॉड, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया ठगी से सतर्क रहें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




