

सभी घायलों को रतलाम के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार रात ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में 10 से अधिक लोग आ गए। इनमें 3 की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। घायलों में 5 की हालत गंभीर है। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना पिपलोदा के हतनारा गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। हालांकि अरबाज के परिजन उसे अस्पताल से कहीं और ले गए। इस कारण प्रशासन ने 2 मौतों की पुष्टि की है, जबकि ड्यूटी डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने 3 मौतों की पुष्टि की है।
घायलों का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में अनास पिता अकरम (16), मोइन शाह पिता इश्क शाह (35), रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद और वहीद शामिल हैं। वहीं इब्राहिम पिता हनीफ को रतलाम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए…

जुलूस के दौरान इसी ताजिया के हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से करंट फैल गया।

ताजिया में बिजली का करंट फैलने के बाद भगदड़ मच गई। कई लोग जमीन पर गिर पड़े।

हादसे के बाद शव को मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया।

हादसे के बाद मौके पर पुलिसकर्मी और लोग एकत्रित हो गए।

हाईटेंशन लाइन करीब 20 फीट ऊपर से ही गुजर कर गई है। लोगों की भीड़ जुटी।
लाइनमैन को किया निलंबित हतनारा में पदस्थ लाइनमैन घनश्याम गिर (पिता भगवान गिर) को मुहर्रम जुलूस के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जावरा निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा कार्यपालन यंत्री, मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी, रतलाम ने समरथ मकवाना और गोबीलाल (बिजली श्रमिक) को भी कार्य में लापरवाही के चलते सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने घायलों से हालचाल पूछा शुक्रवार सुबह कलेक्टर मिशा सिंह और शहर एसडीएम तरुण जैन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और हादसे में घायल भर्ती लोगों का हालचाल जाना। चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल में भर्ती तीनों घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है। हादसे में तीन की मौत हुई है। अरबाज नमक मृतक को उसके परिवार वाले रात को गांव लेकर चले गए थे। जब प्रशासन को पता चला तो रात को उसका शव लेकर रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया। करीब 200 लोग जुलूस में थे शामिल
प्रत्यक्षदर्शी इमामुद्दीन मंसूरी ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर हतनारा गांव में ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, बिजली लाइन काफी नीचे थी। ताजिया के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और आगे चल रहे कई लोग जमीन पर गिर पड़े। हादसे के समय मौके पर न पुलिस मौजूद थी और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी।
हादसे के वक्त का वीडियो भी आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें करंट लगने के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। लोग चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग जमीन पर पड़े दिख रहे हैं। आसपास के लोग घायलों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
ड्यूटी डॉक्टर बोले- तीन लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था
रतलाम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्र सोलंकी ने बताया कि तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्हें मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। 3 मृतकों में से 2 के परिजन औपचारिक कागजी प्रक्रिया पूरी किए बिना उन्हें अपने साथ ले गए। उन्हें बता दिया गया था कि उनकी धड़कनें बंद हो चुकी हैं।
एएसपी बोले- हाईटेंशन लाइन से टकराने के बाद हुआ हादसा
रतलाम एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
हादसे से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
02:10 AM26 जून 2026
रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल से अपडेट दे रहे भास्कर रिपोर्टर केके शर्मा
02:00 AM26 जून 2026
हादसे में तीन लोगों की मौत, 5 घायलों का इलाज जारी
हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों में रशीद खान, सड्डू पिता मोहम्मद हुसैन और अरबाज शामिल हैं। बताया गया है कि अरबाज की मौत की भी पुष्टि हुई है। हालांकि उनके परिजन उन्हें अस्पताल से अपने साथ लेकर चले गए, जिसके कारण उनसे जुड़ी औपचारिक जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है।
हादसे में घायल कई लोगों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यहां अनास पिता अकरम (16 वर्ष), मोइन शाह पिता इश्क शाह (35 वर्ष), रहीम खान, अख्तियार खान और इरफान का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
02:00 AM26 जून 2026
चश्मदीद बोला- बिजली की लाइन काफी नीचे थी
एक चश्मदीद ने बताया कि मुहर्रम का ताजिया उठाकर करीब 100 से 200 लोग जुलूस में चल रहे थे। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से ताजिया टकरा गया। उनका दावा है कि बिजली की लाइन काफी नीचे थी। जैसे ही ताजिया लाइन के संपर्क में आया, अचानक करंट फैल गया और ताजिया के आगे चल रहे कई लोग जमीन पर गिर पड़े तथा घायल हो गए।
चश्मदीद के मुताबिक, हादसे के समय मौके पर न तो पुलिस मौजूद थी और न ही बिजली विभाग का कोई लाइनमैन। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। करीब पांच घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां उचित देखरेख नहीं मिलने पर कुछ लोगों को निजी अस्पतालों में ले जाया गया।
01:55 AM26 जून 2026
एएसपी बोले- हाईटेंशन लाइन से टकराने के बाद हुआ हादसा
रतलाम एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि पिपलोदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे कई लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति की मौत मेडिकल कॉलेज में हुई है, जबकि एक अन्य गंभीर घायल को सिविल अस्पताल से मेडिकल कॉलेज लाया जा रहा है। इसके अलावा छह से सात लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
एएसपी ने कहा- फिलहाल यही प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जांच और तथ्य सामने आने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
01:48 AM26 जून 2026
प्रत्यक्षदर्शी बोला- ताजिया निकला और अचानक हादसा हो गया
प्रत्यक्षदर्शी इमामुद्दीन मंसूरी के मुताबिक, हर साल की तरह इस बार भी मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान ताजिया बिजली लाइन के संपर्क में आ गया।लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोगों को कुछ समझने या संभलने का मौका नहीं मिला।
01:47 AM26 जून 2026
ड्यूटी डॉक्टर बोले- एक शव मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया
रतलाम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्र सोलंकी ने बताया कि हादसे के बाद करीब 5 से 6 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी थी और उन्हें मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।
डॉ. सोलंकी के अनुसार, तीन मृतकों में से दो के परिजन उन्हें बिना औपचारिक कागजी प्रक्रिया पूरी किए ही अपने साथ ले गए। उन्हें स्पष्ट रूप से बता दिया गया था कि संबंधित लोगों की धड़कनें बंद हो चुकी हैं और उनकी मौत हो गई है। इसके बावजूद परिजन शवों को अपने साथ ले गए। वहीं एक शव को मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।
01:38 AM26 जून 2026
हादसे का वीडियो आया सामने, जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति
ताजिया जुलूस के दौरान करंट लगने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। लोग चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग करंट लगने के बाद जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोग घायलों को संभालने और सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। हादसे के बाद पूरे जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।
01:36 AM26 जून 2026
घायल ने सुनाई हादसे की आपबीती
हादसे में घायल एक युवक ने बताया कि ताजिया जुलूस के दौरान अचानक ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। इसके बाद जोरदार करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करंट लगते ही कई लोग जमीन पर गिर पड़े। कुछ लोगों की हालत इतनी गंभीर थी कि उनकी सांसें तक नहीं चल रही थीं। घायल ने बताया, मेरी तो अभी भी आंखें ठीक से नहीं खुल रही हैं। करंट का झटका इतना तेज था कि लोग संभल ही नहीं पाए।
01:32 AM26 जून 2026
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि ताजिया किस परिस्थिति में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया। बताया गया है कि बिजली की हाईटेंशन लाइन गांव में करीब 10 फीट ऊंचाई से गुजर रही थी। मामले की जांच जारी है।
01:31 AM26 जून 2026
डॉ. रविंद्र सोलंकी बोले- अस्पताल पहुंचने से पहले 3 की मौत
रतलाम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्र सोलंकी ने बताया कि जब घायलों को अस्पताल लाया गया, तब तीन लोगों की धड़कनें नहीं चल रही थीं। एक शव मेडिकल कॉलेज में रखा गया है, जबकि दो अन्य शव निजी अस्पताल ले जाए गए।
01:30 AM26 जून 2026
मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती
घटना के बाद घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। कुछ घायलों को परिजन निजी अस्पतालों में भी लेकर गए। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में पांच घायलों का इलाज जारी है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में अनास पिता अकरम (16), मोइन शाह पिता इश्क शाह (35), रहीम खान, अख्तियार खान और इरफान शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
01:25 AM26 जून 2026
SDM बोले- घायलों और मृतकों की जानकारी जुटाई जा रही
रतलाम शहर के SDM तरुण जैन ने बताया- जानकारी जुटाई जा रही है कि कौन-कौन से लोग और कहां इलाज करवा रहे हैं। फिलहाल एक मौत की जानकारी है। तीन की हालत गंभीर है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




