रतलाम। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शनिवार को रतलाम पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। लंबे समय बाद हुए उनके रतलाम आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिग्विजय सिंह धार जिले के बदनावर से सीधे रतलाम पहुंचे। सर्किट हाउस में करीब डेढ़ घंटे तक चले कार्यक्रम में उन्होंने जिले के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों, जनहित के मुद्दों तथा आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के बाद वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए झाबुआ रवाना हो गए।
29 जून को किसानों के समर्थन में उतरेगी कांग्रेस
रतलाम जिला कांग्रेस कमेटी ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 29 जून को जिले में ‘किसान महाआंदोलन’ आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि किसानों को खाद, बीज, सिंचाई, बिजली और फसलों के उचित दाम जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर यह आंदोलन किया जाएगा।
सब्जी मंडी से कृषि उपज मंडी तक होगा प्रदर्शन
जिला कांग्रेस के अनुसार आंदोलन में शामिल होने वाले कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और किसान सबसे पहले सैलाना बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी में एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी लोग रैली के रूप में कृषि उपज मंडी पहुंचेंगे, जहां किसानों की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।
तैयारियों में जुटा कांग्रेस संगठन
किसान महाआंदोलन को सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं और अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यह आंदोलन जिले में किसानों के हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम करेगा।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




