
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र स्थित हतनारा गांव में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 20 फीट ऊंचा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से करंट फैल गया, जिससे जुलूस में शामिल लोग झुलस गए। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में लगभग 200 लोग शामिल थे। ताजिया जैसे ही गांव से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया, तेज करंट फैल गया और आगे चल रहे कई लोग जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में जुट गए।
मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। हालांकि प्रारंभिक प्रशासनिक पुष्टि दो मौतों की हुई थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी डॉक्टर ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।
घायलों का इलाज रतलाम मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गंभीर घायलों की लगातार निगरानी की जा रही है।
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात लाइनमैन को निलंबित कर दिया है। वहीं बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को भी लापरवाही के आरोप में सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर मिशा सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। पुलिस और बिजली विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसा सुरक्षा मानकों में लापरवाही के कारण हुआ या अन्य वजह से।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद जुलूस में भगदड़, चीख-पुकार और घायलों को बचाने की कोशिश करते लोग दिखाई दे रहे हैं।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और बिजली लाइन की ऊंचाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137







