
शिवपुर। शिवपुर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित चोरनी गांव में गुरुवार रात करीब 9:12 बजे आकाशीय बिजली गिरने से लगभग 200 वर्ष पुराना भगवान लक्ष्मीनारायण एवं भगवान राम का मंदिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली गिरने के साथ तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज आसपास के लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र तक सुनाई दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय कुछ युवक मंदिर के बाहर बैठे हुए थे। अचानक तेज चमक और जोरदार धमाके के बाद मंदिर के मध्य स्थित मुख्य शिखर पर बिजली गिरी, जिससे वह पूरी तरह ढह गया। इसके साथ ही दोनों ओर के शिखर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2011 में मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए करीब 25 लाख रुपये का जनसहयोग जुटाकर तीनों शिखरों का निर्माण कराया गया था तथा विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। मंदिर के पास लगभग छह बीघा भूमि है और इसके पुजारी मनोहर दास बैरागी हैं।
बिजली गिरने से मंदिर का मलबा पास के खेतों और आसपास के मकानों की छतों पर जा गिरा। मंदिर के निकट रहने वाले राजेश चौरसिया के घर की छत पर भी मलबा गिरने से परिवार के सदस्य घबरा गए। हालांकि, घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
स्थानीय निवासी ओम प्रकाश चौरसिया ने बताया कि रात में अचानक तेज चमक के साथ जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही क्षणों में मंदिर के शिखर ढह गए। वहीं प्रदीप पांचाल ने बताया कि यह मंदिर रतलाम रियासत के समय का लगभग 200 वर्ष पुराना धार्मिक स्थल है।
ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर के तीनों शिखरों पर स्वर्ण कलश स्थापित थे। भगवान राम की प्रतिमा के ऊपर स्थित शिखर गिरने के बावजूद प्रतिमा सुरक्षित रही।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर का शीघ्र सर्वे कराकर इसके पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार की मांग की है। उनका कहना है कि यह मंदिर क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137







