
इंदौर | भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के खिलाफ चलाए गए सफल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर पूरे देश में गर्व और उत्साह का माहौल है। इस अभूतपूर्व सैन्य अभियान की सफलता पर इंदौर के युवाओं ने एक अनोखा सम्मान व्यक्त करते हुए अपने खून से भारतीय सेना को पत्र लिखा है।
यह पहल माता वसुंधरा सेवा समिति और विधायक रमेश मेंदोला फैंस क्लब के युवाओं द्वारा की गई, जिसमें उन्होंने सैनिकों के साहस, पराक्रम और देशभक्ति को नमन किया है। पत्र में कहा गया है, “ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना के शौर्य, साहस और देशभक्ति का प्रतीक है। हमारे जवानों ने जो पराक्रम दिखाया, वह पूरी दुनिया ने देखा है।”


खून से लिखा पत्र, जवानों को समर्पित
इस पत्र को लिखने की पहल राजा कोठारी ने की, और इसमें लता कैथवास, अश्विन उज्जैनकर, आकाश राठौर, अनीशा कोठारी और सोनू जायसवाल ने भी अपने खून से हस्ताक्षर किए। युवाओं का कहना है कि वे चाहते हैं यह पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से भारतीय सेना तक पहुंचे, ताकि जवानों को यह एहसास हो कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों को सौंपा जाएगा पत्र
राजा कोठारी ने बताया कि वे यह पत्र सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा को सौंपेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये जनप्रतिनिधि इस पत्र को प्रधानमंत्री तक पहुंचाएंगे। कोठारी ने कहा, “जब यह पत्र सेना तक पहुंचेगा, तो हर सैनिक को गर्व होगा कि देश उनके बलिदान को समझता है और सम्मान देता है।”
पहले भी हुआ था ऐसा अभियान
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में भी इंदौर के नागरिकों ने खून से प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। उस समय राजवाड़ा चौक पर हुए प्रदर्शन में विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए थे, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और किन्नर समाज के सदस्य भी शामिल थे। उस अभियान में लोगों ने अंगूठे से खून निकालकर प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।
जनभावनाओं का अनूठा प्रदर्शन
इंदौर के इन अभियानों ने यह संदेश दिया है कि देश की जनता, विशेष रूप से युवा वर्ग, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में न सिर्फ सरकार और सेना के साथ खड़ी है, बल्कि अपने तरीके से समर्थन और सम्मान भी प्रकट कर रही है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद यह सम्मान अभियान सैनिकों के हौसले को और मजबूत करेगा।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137






