
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के देपालपुर क्षेत्र के ग्राम कुनगारा में एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की आग से झुलसने के बाद मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब उसकी मां रसोई में खाना बना रही थी। आग की चपेट में मां और बेटी दोनों आ गईं। बच्ची ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मां का उपचार जारी है।

रसोई में खाना बनाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, काजल नाम की महिला घर की रसोई में खाना बना रही थी। उसकी दो वर्षीय बेटी सृष्टि पास में खेल रही थी। इसी दौरान महिला की साड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें बच्ची तक पहुंच गईं।
काजल मूक-बधिर है, इसलिए वह मदद के लिए आवाज नहीं लगा सकी। उसने तुरंत अपने मोबाइल से खेत में काम कर रहे परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी।
मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में इंदौर के निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गई है और उसका इलाज जारी है।
जन्मदिन की खुशियां अगले दिन मातम में बदलीं
परिवार ने एक दिन पहले ही सृष्टि का दूसरा जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। अगले ही दिन हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सृष्टि अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।
गैस पाइप में आग लगने की आशंका
परिजनों के मुताबिक, हादसा गैस पाइप में आग लगने से हुआ। घटना की सूचना मिलने पर राजेंद्र नगर पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर मामला देपालपुर पुलिस को जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




