
शासकीय डॉ. लक्ष्मीनारायण मेडिकल कॉलेज के MBBS इंटर्न्स ने मंगलवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में इंटर्न्स ने मेडिकल कॉलेज से वाहन रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा स्वास्थ्य मंत्री के नाम एसडीएम तरुण जैन को ज्ञापन सौंपा।

इंटर्न्स का कहना है कि वे लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने और कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
₹30 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड की मांग
एमबीबीएस इंटर्न्स ने बताया कि वर्तमान में उन्हें ₹14,337 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलता है, जो उनकी जिम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। इसलिए सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्टाइपेंड बढ़ाकर कम से कम ₹30,000 प्रतिमाह किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मध्यप्रदेश के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में स्टाइपेंड की राशि में असमानता भी बनी हुई है। ऐसे में पूरे प्रदेश में एक समान स्टाइपेंड लागू किया जाना चाहिए, ताकि सभी इंटर्न्स को समान लाभ मिल सके।
मेडिकल कॉलेज से निकाली वाहन रैली
प्रदर्शन में शामिल छात्र मेडिकल कॉलेज परिसर से वाहन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इसके बाद एसडीएम तरुण जैन को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
- MBBS इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़ाकर न्यूनतम ₹30,000 प्रतिमाह किया जाए।
- मध्यप्रदेश के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में एक समान स्टाइपेंड लागू किया जाए।
- इंटर्न्स के कार्य के अनुरूप सम्मानजनक मानदेय दिया जाए।
- बेहतर कार्य परिस्थितियां और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मांगें नहीं मानीं तो होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल
इंटर्न्स ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशभर के MBBS इंटर्न्स अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जाएंगे। उनका कहना है कि यह आंदोलन केवल स्टाइपेंड बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि मेडिकल इंटर्न्स को सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां दिलाने के लिए भी है.
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




