
रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र में वन विभाग की जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। कागलीखोरा गांव की पहाड़ी पर खेती का काम करने पहुंचे एक युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता और बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया। दोनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खेती के दौरान हुआ विवाद
घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक लक्ष्मण (18) पुत्र बादरिया अपने पिता बादरिया और बड़े भाई नारायण के साथ गांव की पहाड़ी पर स्थित वन भूमि की हकाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के 6 से 7 लोग वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि हमलावरों ने लक्ष्मण के गले पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता और भाई को भी गंभीर चोटें आईं।
नेटवर्क नहीं होने से पुलिस को देर से मिली सूचना
घटना स्थल पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्र में होने के कारण वहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं था। इसी वजह से पुलिस को घटना की जानकारी करीब दो घंटे बाद डायल-112 के माध्यम से मिली।
सूचना मिलते ही बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बाजना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
वन विभाग की जमीन को लेकर पुरानी रंजिश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच गांव की पहाड़ी पर स्थित वन विभाग की जमीन पर कब्जे और खेती को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद पहले से योजनाबद्ध था या अचानक हुआ।
सात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला
बाजना पुलिस ने मामले में रमेश, पंकेश, विकास, राजीव, माइकल, मोहन सहित सात आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की उम्र का भी होगा सत्यापन
थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने बताया कि मृतक की उम्र को लेकर दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है। परिजनों के अनुसार उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद पुलिस रिकॉर्ड में अंतिम जानकारी दर्ज की जाएगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




