
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को सुरक्षित, व्यवस्थित और तकनीक से लैस बनाने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को शिप्रा नदी स्थित राणोजी की छत्री पर अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक का लाइव डेमो आयोजित किया गया। इसमें देश की कई अग्रणी कंपनियों ने अपने आधुनिक ड्रोन की उड़ान क्षमता, कैमरा तकनीक और निगरानी प्रणाली का प्रदर्शन किया।

डेमो में चेन्नई, दिल्ली और गुरुग्राम की विशेषज्ञ कंपनियों ने भाग लिया। उन्होंने ऐसे ड्रोन प्रस्तुत किए जो लंबी दूरी तक रियल टाइम निगरानी करने, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाने में सक्षम हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
डेमो के दौरान आईजी उज्जैन राकेश गुप्ता, संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ड्रोन की उड़ान क्षमता, कैमरे की गुणवत्ता और तकनीकी सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी लाइव निगरानी
ड्रोन के माध्यम से शिप्रा नदी के घाटों, मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों और आसपास की गलियों की लाइव तस्वीरें सीधे इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया। इससे भीड़ बढ़ने, ट्रैफिक जाम, रास्ता बाधित होने या किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंचेगी और मौके पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्थ 2028 में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इतने विशाल आयोजन में आधुनिक तकनीक का उपयोग सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी होगा। इसी उद्देश्य से ड्रोन तकनीक का परीक्षण किया जा रहा है।
कई तरह के ड्रोन का हुआ प्रदर्शन
डेमो में अलग-अलग प्रकार के ड्रोन प्रदर्शित किए गए। कुछ ड्रोन करीब 8 किलोमीटर तक तेज गति से उड़ान भरकर निगरानी कर सकते हैं। वहीं कुछ ड्रोन में पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA System) लगाया गया है, जिसके जरिए मौके पर मौजूद लोगों को आवश्यक निर्देश दिए जा सकते हैं।
इसके अलावा कुछ विशेष ड्रोन राहत एवं बचाव कार्यों में भी उपयोगी साबित होंगे और आपदा की स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया देने में मदद करेंगे।
परीक्षण के आधार पर होगा अंतिम चयन
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि ड्रोन की उड़ान क्षमता, कैमरा क्वालिटी और अन्य तकनीकी फीचर्स का विस्तृत परीक्षण किया गया है। परीक्षण के परिणामों के आधार पर तय किया जाएगा कि सिंहस्थ 2028 के दौरान कितने और किस प्रकार के ड्रोन सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाएंगे।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




