
रतलाम जिले के बड़ावदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 290 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 14 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

रात्रि गश्त के दौरान हुआ संदेह
जावरा एसडीओपी संदीप कुमार ने बताया कि बड़ावदा थाना पुलिस की टीम नियमित रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध हालत में दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर तेज रफ्तार से भाग निकला।
पुलिस ने किया पीछा, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागा
पुलिस टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा किया। कुछ दूरी पर ग्राम सिंदुरकिया स्थित शासकीय मिडिल स्कूल के पास चालक और उसका साथी ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गए। अंधेरा होने के कारण दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके।
13 कट्टों से मिला 290 किलो अवैध डोडाचूरा
वाहन की तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखे 13 प्लास्टिक के कट्टों से अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके पर वजन कराने पर इसकी कुल मात्रा 290 किलोग्राम निकली। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख रुपये है। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस
बड़ावदा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिक और तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है ताकि पूरे गिरोह तक पहुंचा जा सके।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




