
रतलाम जिले के जावरा शहर में चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने एक सूने मकान और एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी को निशाना बनाया। दोनों घटनाओं में लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

सूने मकान से जेवर और नकदी चोरी
पहली घटना खाचरौद नाका रोड स्थित राजेंद्र जयंत परिसर की है। यहां रहने वाले दीपक कुमार प्रजापत किसी निजी कार्य से बाहर गए हुए थे। उनकी पत्नी और बच्चे शिवगढ़ गए थे, जबकि माता-पिता दूसरे मकान में रहते हैं।
इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी से करीब 8 ग्राम सोने का लॉकेट, 700 ग्राम चांदी की पायल और लगभग 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। जब दीपक कुमार को पड़ोसी ने सूचना दी तो वह घर पहुंचे। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी।
पड़ोसी ने देखा तो चोरों ने धमकाया
घटना के दौरान सुबह पड़ोसी कालूराम की नजर चोरों पर पड़ी। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें इशारों में धमकाया और आराम से मौके से निकल गए। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी।
कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रविवार रात करीब 3:21 बजे तीन संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दिए हैं।
कोल्ड ड्रिंक एजेंसी से ढाई लाख रुपये चोरी
इसी रात जावरा के धाकड़ धर्मशाला के पास स्थित मोहन परिसर रोड पर एक कोल्ड ड्रिंक एवं वेफर्स एजेंसी को भी चोरों ने निशाना बनाया।
बदमाशों ने दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तीन दिन की बिक्री का करीब 2.50 लाख रुपये नकद कलेक्शन लेकर फरार हो गए। इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक की एक पेटी भी चोरी कर ली।
CCTV से बचने की कोशिश, फिर भी हुए कैद
एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों चोर स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। एक आरोपी ने कैमरे को ढकने की कोशिश भी की ताकि उसकी पहचान न हो सके, लेकिन अलग-अलग कोणों पर लगे कैमरों के कारण उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं।
एजेंसी संचालक हेमंत जैन ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
जावरा सीएसपी युवराज सिंह के अनुसार पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पहले भी सामने आए थे संदिग्ध
कुछ दिन पहले रतलाम शहर की रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी में भी चड्डी-बनियान पहने और मुंह ढके संदिग्ध बदमाश घूमते हुए सीसीटीवी में दिखाई दिए थे। हालांकि पुलिस अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
जावरा की ताजा वारदात में भी बदमाशों का हुलिया काफी हद तक वैसा ही दिखाई दे रहा है। इससे लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




