
इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। घटना के तीसरे दिन मृतका की बेटी प्रेक्षा ने भावुक होकर कहा कि उसकी मां को जिस तरह तड़पा-तड़पाकर मौत दी गई, आरोपी को भी उसी दर्द का एहसास कराया जाए। उसने कहा कि उसे न फांसी चाहिए और न ही एनकाउंटर, बल्कि कानून के दायरे में ऐसी सजा मिले जिससे वह अपनी आखिरी सांस तक पीड़ा महसूस करे।

प्रेक्षा ने बताया कि उनकी मां पर पहला वार सिर पर किया गया ताकि वह उठ न सकें। इसके बाद मौत होने के बावजूद शरीर पर कई वार किए गए। उसके मुताबिक, मां ने अंतिम समय तक असहनीय दर्द सहा होगा।
घटना वाले दिन प्रेक्षा और उसका छोटा भाई स्कूल से घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला था और टीवी तेज आवाज में चल रहा था। अंदर पहुंचने पर मां का खून से लथपथ शव देखकर दोनों बच्चे सदमे में आ गए।
मृतका के पिता सत्यनारायण मालाकार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसे किसी भी प्रकार का आर्थिक लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भोपाल स्थित संपत्ति बेचकर उसकी राशि दोनों बच्चों के नाम की जाए और उर्मिला की सभी संपत्तियों व अधिकारों का लाभ केवल बच्चों को मिले।
उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उनकी बेटी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी। आरोपी उस पर बेवजह शक करता था, उसकी आय और बैंक खातों पर नियंत्रण रखना चाहता था तथा पहले भी उसके खिलाफ शिकायत दर्ज हो चुकी थी।
इधर, डाक विभाग के कर्मचारी संगठनों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और पुलिस को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुख्य आरोपी पति की तलाश जारी है और परिवार सहित कर्मचारी संगठन जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




