
शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत लक्ष्मणपुरा में शराब के नशे में हुए विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई के सिर पर कपड़े धोने की मोगरी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले रतलाम मेडिकल कॉलेज और बाद में इंदौर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त मोगरी बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

रात में हुआ विवाद, सिर पर किया जानलेवा वार
मृतक की पहचान विमल महावार (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात करीब 2 बजे घर में किसी बात को लेकर बड़े भाई त्रिलोकचंद महावार से विवाद हो गया। दोनों शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर त्रिलोकचंद ने कपड़े धोने वाली मोगरी से विमल के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया।
मेडिकल कॉलेज से इंदौर रेफर, सुबह हुई मौत
घर में शोर सुनकर लकवाग्रस्त मां जमनाबाई और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायल विमल को रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर कर दिया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल से मिली खून से सनी मोगरी
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस को घर के अंदर खून के धब्बे और वार में इस्तेमाल की गई मोगरी मिली। एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
बीमार मां की देखभाल करता था छोटा बेटा
पड़ोसियों के अनुसार परिवार में दोनों भाई और उनकी मां जमनाबाई रहते थे। पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। मां लकवाग्रस्त हैं और उनकी देखभाल का जिम्मा मुख्य रूप से छोटे बेटे विमल पर था। पुलिस ने मां और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
शराब के नशे में आए दिन होता था विवाद
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच शराब पीने के बाद अक्सर विवाद होता था। बड़ा भाई त्रिलोकचंद छोटे भाई के साथ मारपीट करता था, जबकि विमल कभी विरोध नहीं करता था। त्रिलोकचंद लोहे के सरिए लगाने का काम करता है, जबकि विमल ढोल बजाने का कार्य करता था। परिवार की दो बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है।
पुलिस कर रही पूरे घटनाक्रम की जांच
थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। घायल को अस्पताल पहुंचाने में आरोपी भाई भी साथ गया था। उसके इंदौर से लौटने के बाद पूछताछ की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




