
शहर के माधवनगर स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक छात्र पर शिक्षक से मारपीट और महिला शिक्षिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना के बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर उचित कार्रवाई की मांग की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

11 जुलाई को हुआ था विवाद
शिक्षकों के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को विद्यालय में अध्ययनरत छात्र सांवरिया शिवेश चौधरी का एक शिक्षक से विवाद हुआ, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के बाद छात्र ने कुछ बाहरी युवकों को विद्यालय परिसर में बुला लिया, जिससे स्कूल का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
महिला शिक्षिकाओं से अभद्र व्यवहार का आरोप
शिक्षकों का आरोप है कि बाहरी लोगों की मौजूदगी के दौरान विरोध करने पर कुछ महिला शिक्षिकाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इससे विद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई।
2 हजार विद्यार्थियों की सुरक्षा पर चिंता
ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में करीब 2,000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 1,022 छात्राएं शामिल हैं। वहीं 48 महिला शिक्षिकाएं भी कार्यरत हैं। ऐसे में बाहरी लोगों के विद्यालय परिसर में प्रवेश को लेकर शिक्षकों ने गंभीर चिंता जताई और इसे सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया।
बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग
शिक्षकों ने बताया कि 11 जुलाई की घटना के बाद सोमवार को भी विद्यालय परिसर के अंदर और बाहर कुछ बाहरी लोगों की मौजूदगी देखी गई। इससे विद्यार्थियों और स्टाफ में भय और असहजता का माहौल बना रहा। शिक्षकों ने मांग की कि विद्यालय परिसर में केवल विद्यार्थियों, शिक्षकों और आवश्यकता होने पर अभिभावकों को ही प्रवेश दिया जाए तथा बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिया जांच का आश्वासन
जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री ने शिक्षकों का ज्ञापन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




