
गुरुद्वारा जाते समय बनाई थी ठगी की योजना
यह घटना 7 जून को स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की मित्र निवास कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका मोहिनी रायचंदानी के साथ हुई थी। वे शास्त्री नगर स्थित गुरुद्वारा जा रही थीं। रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोककर कहा कि इलाके में चोर सक्रिय हैं और जेवर पहनकर निकलना सुरक्षित नहीं है। बातचीत में उलझाकर दोनों ने उनसे मंगलसूत्र उतरवाकर पर्स में रखवा दिया और मौका मिलते ही पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, पाटली, मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपए नकद थे।

सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपियों की पहचान
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में आरोपी युसुफ उर्फ मोटा (30), निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) और नौशाद शाह, निवासी ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) की पहचान हुई। दोनों अंतरराज्यीय ठग गिरोह से जुड़े बताए गए।
पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में कई दिनों तक उत्तर प्रदेश में डटी रही। मुखबिर से सूचना मिली कि मुहर्रम के जुलूस में आरोपी शामिल हो सकता है। इसी सूचना के आधार पर 29 जून को श्रावस्ती जिले से युसुफ उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी नौशाद शाह फरार होने में सफल रहा।
पूछताछ में खुला जेवर बेचने का राज
पुलिस रिमांड के दौरान युसुफ ने खुलासा किया कि ठगी के बाद उसने और उसके साथी ने सोने के जेवर उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के एक सुनार को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनार दिवाकर वर्मा को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि उसने जेवरों को गलाकर सोना बना दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 3.10 लाख रुपए कीमत का गला हुआ सोना बरामद किया। जमानती धाराएं होने के कारण उसे नोटिस देकर रिहा कर दिया गया।
चार लोग दिखे थे सीसीटीवी में
घटना के दिन सीसीटीवी फुटेज में चार लोग दिखाई दिए थे। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि इनमें से दो लोग सामान्य राहगीर थे, जिनसे पूछताछ की जा चुकी है। ठगी की वारदात को केवल दो आरोपियों ने ही अंजाम दिया था।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी युसुफ उर्फ मोटा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले का दूसरा आरोपी नौशाद शाह अभी फरार है। स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags: रतलाम समाचार, रिटायर्ड शिक्षिका ठगी, यूपी से आरोपी गिरफ्तार, स्टेशन रोड थाना, अंतरराज्यीय ठग गिरोह, सोना बरामद, रतलाम क्राइम न्यूज
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




