
स्कूल से लौटे बच्चों ने देखा दर्दनाक मंजर
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों बच्चे स्कूल से घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खुला था और अंदर टीवी तेज आवाज में चल रहा था। जैसे ही बच्चे अंदर पहुंचे, उन्होंने मां का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घबराए बच्चों ने तुरंत अपने नाना सत्यनारायण मालाकार को फोन किया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सुबह स्कूल पहुंचा था पिता
परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह आरोपी अखिलेश सैनी बच्चों के स्कूल पहुंचा था। उसने बच्चों से कहा कि वह और उनकी मां भोपाल जा रहे हैं तथा छुट्टी के बाद मौसी के घर चले जाना। उसने बेटी को घर की चाबी, एटीएम कार्ड और कुछ जरूरी सामान की जानकारी भी दी। हालांकि छुट्टी के बाद बच्चे सीधे घर पहुंच गए, जहां यह घटना सामने आई।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
महिला के परिजनों का आरोप है कि अखिलेश सैनी कोई स्थायी काम नहीं करता था और आए दिन पत्नी से विवाद करता था। उनका कहना है कि घरेलू विवाद के चलते उसने उर्मिला सैनी की हत्या की और मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने क्या बताया
स्थानीय लोगों के अनुसार, उर्मिला सैनी एमजी रोड स्थित डाक विभाग के डिविजनल कार्यालय में पोस्टल असिस्टेंट थीं। दोनों बच्चे पढ़ाई में काफी होनहार हैं। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था और दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। भोपाल में रहने के दौरान मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस, पलासिया थाना पुलिस, एसीपी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद को हत्या की संभावित वजह मान रही है। हालांकि हत्या का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा। फिलहाल फरार आरोपी पति की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




