
पुलिया के डिवाइडर से टकराई एमजी हेक्टर कार
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 3:30 बजे धराड़ के आगे टोल प्लाजा से पहले एक छोटी पुलिया के डिवाइडर पर हुआ। परिवार भोपाल से रतलाम लौट रहा था। एमजी हेक्टर कार (MP 04 CZ 5519) डॉ. मनीष सिंह के साढ़ू अजय गुप्ता चला रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डॉक्टर परिवार के साथ लौट रहे थे
कार में डॉ. मनीष सिंह, उनकी पत्नी स्टेफनी गुप्ता, दोनों बच्चे रैना और सयाना (7), साढ़ू अजय गुप्ता, उनकी पत्नी लवलीना गुप्ता तथा 80 वर्षीय शिवनारायण राजौरिया सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस और बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टर और ससुर ने तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने 42 वर्षीय डॉ. मनीष सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उनके ससुर शिवनारायण राजौरिया ने सोमवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य परिजनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
एक माह तक रहे थे प्रभारी सीएमएचओ
डॉ. मनीष सिंह करीब एक वर्ष पहले रतलाम में पदस्थ हुए थे। इससे पहले वे भोपाल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। जून माह में तत्कालीन सीएमएचओ के अवकाश पर रहने के दौरान उन्होंने एक माह से अधिक समय तक प्रभारी सीएमएचओ की जिम्मेदारी भी निभाई थी। वे मूल रूप से ग्वालियर के निवासी थे।
नींद की झपकी को माना जा रहा कारण
बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




