
जिले के नामली थाना क्षेत्र के सिखेड़ी गांव में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। एक ही परिवार की एक माह के भीतर चार भैंसें चोरी होने और पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों का पता नहीं लगा पाने से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में नामली थाने पहुंचे। यहां उन्होंने थाने के बाहर सड़क पर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

एक माह में एक ही परिवार की चार भैंसें चोरी
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार रात सिखेड़ी निवासी दिनेश जाट के बाड़े से अज्ञात बदमाश दो भैंसें चोरी कर ले गए। इससे पहले 18 जून को उनके बड़े भाई मदनलाल जाट के खेत से भी दो भैंसें चोरी हुई थीं। दोनों मामलों की शिकायत नामली थाने में दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक न तो चोरी गई भैंसों का कोई सुराग मिला और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी।
थाने के बाहर धरना, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीण शनिवार सुबह करीब 9 बजे नामली थाने पहुंचे। उन्होंने थाने के बाहर सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने ताजा घटना की एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसपी जनसुनवाई में भी कर चुके हैं शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि भैंस चोरी की घटनाओं को लेकर वे 7 जुलाई को रतलाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में भी आवेदन दे चुके हैं। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार रात फिर दो भैंस चोरी होने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।
गांव में असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी उठाई आवाज
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मुख्य चौराहे और घटवास पुलिया के आसपास शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। यहां शराब पीकर हंगामा किया जाता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि 13 जुलाई को भी नामली थाना पुलिस को आवेदन देकर गांव में नियमित पुलिस गश्त और डायल-112 की निगरानी बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
पुलिस ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
नामली थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि भैंस चोरी के मामलों की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137




